October 16, 2026

Blog

Spread the love

बलिया, 15 अक्टूबर । बलिया में दो से छह नवंबर 2026 तक 70वीं राष्ट्रीय विद्यालयीय फुटबॉल (अंडर-17) प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने बलिया में गुरुवार को प्रतियोगिता के लोगो व शुभंकर का विमोचन किया।

परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने कहा कि जिले में एक बार फिर खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी क्षमता प्रदर्शित करने का बड़ा अवसर मिलने जा रहा है। उन्होंने कहा कि आयोजन को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए तैयारियां तेज कर दी गई हैं। आयोजन के तहत खेल मैदानों को तैयार करने के साथ खिलाड़ियों के ठहरने, भोजन, परिवहन, चिकित्सा और सुरक्षा सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। प्रतियोगिता का आयोजन वीर लोरिक स्पोर्ट्स स्टेडियम में किया जाएगा। इसके अतिरिक्त पांच क्रीड़ा स्थलों को चिह्नित किया गया है, जहां प्रतियोगिता से संबंधित गतिविधियां संचालित होंगी। इनमें वीर लोरिक स्पोर्ट्स स्टेडियम, टाउन पालिटेक्निक के मैदान, सतीश चंद्र महाविद्यालय, रामदहिन सिंह इंटर कॉलेज आमघाट तथा शेर ग्राम सभा में स्थित मिनी स्टेडियम शामिल हैं। इन स्थलों पर खेल संबंधी तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

इस दौरान मंत्री ने प्रतियोगिता के लोगो व शुभंकर का विमोचन किया। परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने कहा कि प्रतियोगिता में शामिल होने वाले खिलाड़ियों और टीमों के ठहरने के लिए होटलों में कमरों की व्यवस्था की जा रही है। इसके साथ ही बस एवं कार से परिवहन की सुविधा उपलब्ध कराने की तैयारी है, ताकि खिलाड़ियों को ठहरने के स्थान से निर्धारित खेल मैदानों तक पहुंचने में आसानी हो। खिलाड़ियों और अधिकारियों के भोजन के लिए अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप कॉमन मेस की व्यवस्था करने की तैयारी है। इसके अलावा मैदानों पर टेंट, साउंड सिस्टम और लाइटिंग की व्यवस्था भी की जा रही है। आयोजन से जुड़ी व्यवस्थाओं का उद्देश्य प्रतियोगिता को सुचारु, व्यवस्थित और सुविधाजनक तरीके से संपन्न कराना है। परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने कहा कि बलिया में राष्ट्रीय स्तर की विद्यालयीय फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन जिले के लिए महत्वपूर्ण अवसर है। इससे स्थानीय खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर के खेल आयोजन को करीब से देखने और सीखने का मौका मिलेगा। साथ ही जिले में खेल गतिविधियों को प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है। प्रतियोगिता में देश के विभिन्न क्षेत्रों से आने वाली टीमों के कारण बलिया की खेल सुविधाओं और आतिथ्य व्यवस्था को भी राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलेगी। आयोजन की सफलता के लिए सभी संबंधित विभागों, समितियों और अधिकारियों के बीच बेहतर तालमेल आवश्यक होगा।कार्यक्रम में पूर्व विधायक भगवान पाठक, बीएसए मनीष सिंह, पंकज सिंह, अरविंद सिंह आदि मौजूद रहे।