बलरामपुर, 17 अगस्त ।बलरामपुर जिला कार्यालय में आज सोमवार को आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन में जिले के अलग-अलग क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों ने अपनी समस्याएं और मांगें कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी के समक्ष रखीं। कलेक्टर ने लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवेदनों का नियमानुसार जल्द निराकरण करने के निर्देश दिए।
जनदर्शन में ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों से आए लोगों ने अपनी विभिन्न समस्याओं से संबंधित आवेदन कलेक्टर को सौंपे। कलेक्टर ने प्रत्येक आवेदन को ध्यानपूर्वक देखते हुए संबंधित विभाग से आवश्यक कार्रवाई करने को कहा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आवेदनों का निराकरण केवल औपचारिकता तक सीमित न रहे, बल्कि आवेदकों को वास्तविक राहत मिले।
कलेक्टर ने कहा कि लोगों की समस्याओं का समय पर समाधान करना प्रशासन की प्राथमिकता है। सभी विभागीय अधिकारी प्राप्त आवेदनों की जांच कर नियमानुसार गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करें, ताकि लोगों को अपनी छोटी-बड़ी समस्याओं के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि आवेदन पर कार्रवाई पूरी होने के बाद संबंधित आवेदक को निराकरण की जानकारी उपलब्ध कराई जाए। जनदर्शन के माध्यम से जिला प्रशासन आम लोगों की समस्याओं को सीधे सुनकर उनके समाधान की दिशा में कार्रवाई कर रहा है।
