August 17, 2026

Blog

Spread the love

रायपुर, 17 अगस्त । आम आदमी पार्टी (आआपा) आज सोमवार को राजधानी रायपुर के समता कॉलोनी स्थित महाराजा अग्रसेन भवन में ई-20 पेट्रोल के मुद्दे पर जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित करेगी। कार्यक्रम दोपहर 3:30 बजे से प्रस्तावित है।

पार्टी के नेताओं के अनुसार, जनसंवाद के दौरान ई-20 पेट्रोल से वाहनों पर पड़ने वाले संभावित प्रभाव, उपभोक्ताओं की चिंताओं तथा इससे जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की जाएगी। पार्टी का कहना है कि ई-20 पेट्रोल को लेकर देशभर में बहस चल रही है और इसकी गुणवत्ता को लेकर लगातार सवाल उठाए जा रहे हैं।

पार्टी नेताओं ने कहा कि ई-20 को लेकर देशभर में बहस तेज हो रही है। हाल ही में कुछ प्रमुख वाहन कंपनियों से जुड़े आंतरिक ईमेल में ईंधन में क्लोराइड और नमी जैसी समस्याओं को लेकर चिंता सामने आने की रिपोर्ट भी प्रकाशित हुई है, जबकि सरकारी तेल कंपनियों ने ई-20 को निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप बताया है। ऐसे में आम आदमी पार्टी का कहना है कि सरकार को उपभोक्ताओं की शिकायतों को नजरअंदाज करने के बजाय स्वतंत्र और वैज्ञानिक जांच करानी चाहिए। पार्टी ने कहा कि जनसंवाद के माध्यम से लोगों की राय और समस्याओं को भी सामने लाया जाएगा।