सियोल (दक्षिण कोरिया), 26 मई। दक्षिण कोरिया के ज्वाइंट चीफ ऑफ स्टाफ ने कहा है कि उत्तर कोरिया ने मंगलवार को अपने पश्चिमी तट से एक अज्ञात प्रक्षेपास्त्र समुद्र की ओर दागा। उत्तर कोरिया इससे पहले 19 अप्रैल को एक और प्रक्षेपण कर चुका है। तब वह कम दूरी के कई प्रक्षेपास्त्र दाग चुका है।
द कोरिया टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार दक्षिण कोरिया के ज्वाइंट चीफ्स ऑफ स्टाफ ने कहा कि उत्तर कोरिया ने दोपहर लगभग एक बजे उत्तरी प्योंग्यान प्रांत के जोंगजू क्षेत्र से पश्चिमी सागर की ओर कई निकट श्रेणी की बैलिस्टिक मिसाइलें दागीं। उत्तर कोरिया का इस वर्ष यह आठवां मिसाइल प्रक्षेपण है।
ज्वाइंट चीफ्स ऑफ स्टाफ (जेसीएस) के अनुसार मिसाइलें लगभग 80 किलोमीटर की दूरी तक गईं। दक्षिण कोरिया इन मिसाइलों की मारक क्षमता का विश्लेषण कर रहा है। उन्होंने कहा कि दक्षिण कोरिया संभावित आगे के प्रक्षेपणों की तैयारी में निगरानी और सर्वेक्षण बढ़ा रहा है। अमेरिका और जापान को उत्तर कोरिया के ताजा कदमों की जानकारी दी जा रही है।
दक्षिण कोरिया के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता पार्क इल ने नियमित संवाददाता सम्मेलन में कहा, “हम उत्तर कोरिया से एक बार फिर शांति नीति अपनाने और तनाव कम करने के प्रयासों का जवाब देने का आह्वान करते हैं।” उन्होंने कहा कि दक्षिण कोरिया परमाणु अप्रसार नीति का दृढ़ता से समर्थन करता है। सरकार का लक्ष्य कोरियाई प्रायद्वीप में पूर्ण परमाणु निशस्त्रीकरण का है।
उल्लेखनीय है कि उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग उन 2019 में अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ परमाणु कूटनीति के विफल होने के बाद से अपने परमाणु और प्रक्षेपास्त्र भंडार के विस्तार पर ध्यान केंद्रित किए हुए हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने बार-बार किम के साथ वार्ता करने की इच्छा जताई है, लेकिन उत्तर कोरिया ने इस पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।
