May 16, 2026

Blog

Spread the love

 नई दिल्ली, 16 मई। दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने शनिवार को पश्चिम विहार स्थित जिला पार्क से ‘जल संचय अभियान’ का शुभारंभ किया। इसके तहत दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) द्वारा 30 अगस्त तक दिल्ली के 101 महत्वपूर्ण जल निकायों को पुनर्स्थापित करने के लिए मिशन-मोड अभियान शुरू हो गया है।

उपराज्यपाल ने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि पहले चरण में मानसून के मौसम में भूजल पुनर्भरण को अधिकतम करने के लिए गहन गाद निकालने और जलग्रहण क्षेत्र की सफाई के माध्यम से कार्यात्मक पारिस्थितिक बहाली को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दीर्घकालिक जल सुरक्षा के दृष्टिकोण के अनुरूप, यह अभियान दिल्ली के जल स्रोतों को पुनर्जीवित करने और शहर की पारिस्थितिक लचीलेपन को मजबूत करने का प्रयास करता है।

उपराज्यपाल ने अधिकारियों को जल निकायों को पुनर्स्थापित को समय-सीमा के अंदर करने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि हम दिल्ली की जलीय विरासत को पुनः प्राप्त करने और एक हरित, अधिक जल-सुरक्षित और पारिस्थितिक रूप से लचीली राजधानी के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध हैं।

उपराज्यपाल ने सभी निवासी से ‘जन भागीदारी’ के माध्यम से इस आंदोलन में भाग लेने और एक हरित, जल-सुरक्षित विकसित दिल्ली की दिशा में योगदान देने का आग्रह किया।