May 15, 2026

Blog

Spread the love

 नई दिल्ली, 15 मई । दिल्ली सरकार के मंत्री शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ईंधन बचत के आह्वान व ‘मेरा भारत, मेरा योगदान’ अभियान के तहत साइकिल, ईवी कार और मेट्रो से अपने कार्यक्रमों और दफ्तर पहुंचें।

दिल्ली के लोक निर्माण विभाग के मंत्री प्रवेश साहिब सिंह आज नई दिल्ली नगरपालिका परिषद में आयोजित कार्यक्रम में साइकिल से पहुंचे। उन्होंने यह कदम प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ईंधन बचत के आह्वान को ध्यान में रखते लिया।

प्रवेश साहिब सिंह ने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि अगर हम सब अपनी आदतों में थोड़ा बदलाव लाएं, तो देश का बहुत बड़ा ईंधन बचाया जा सकता है। सरकार की पहल तभी सफल होती है, जब हम भी उसमें भागीदार बनें।

दिल्ली के पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने आज दफ्तर जाने के लिए मेट्रो से सफर किया। उन्होंने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, ‘गर्व है कि मैं इस पहल का हिस्सा बना, क्योंकि यह केवल एक अभियान नहीं बल्कि देश के प्रति मेरी जिम्मेदारी का भाव है।

सिरसा ने कहा कि प्रधानमंत्री ने देशहित में जो महत्वपूर्ण आह्वान किए हैं, वे चुनौतीपूर्ण वैश्विक परिस्थितियों में भारत को और मजबूत और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में अहम कदम हैं। ऐसे समय में हम सभी का कर्तव्य है कि अपने स्तर पर भी योगदान दें। छोटे-छोटे प्रयास ही मिलकर बड़े बदलाव की राह बनाते हैं।

दिल्ली के कला, संस्कृति एवं भाषा और पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा आज ऊर्जा संरक्षण का संदेश देने के लिए ईवी कार चलाकर दिल्ली सचिवालय पहुंचे। इस मौके पर पत्रकारों को संबोधित करते हुए कपिल मिश्रा ने कहा कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के निर्देश पर दिल्ली में मेट्रो मंडे, दो वर्क फ्रॉम होम और न्यूनतम गाड़ियों के उपयोग को बढ़ावा दिया जा रहा है। सभी मंत्री और अधिकारी भी सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करेंगे और अपने लिए इलेक्ट्रिक वाहनों का इस्तेमाल करेंगे।

उन्होंने कहा कि वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों में ऊर्जा संरक्षण केवल एक विकल्प नहीं, बल्कि राष्ट्रीय दायित्व है। प्रधानमंत्री मोदी द्वारा देशवासियों से ईंधन बचत और ऊर्जा के जिम्मेदार उपयोग अपील की गई, दिल्ली सरकार और दिल्ली वासी इसे पूरा करने के लिए संकल्पित हैं।

कपिल मिश्रा ने कहा कि दिल्ली सरकार के मंत्री और अधिकारी सरकारी संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग, ईंधन की बचत और पर्यावरण हितैषी उपायों को अपनाने की दिशा में कार्य कर रहे हैं। दिल्ली सरकार स्वच्छ ऊर्जा, हरित परिवहन और पर्यावरण संरक्षण के लिए जनभागीदारी आधारित अभियान को आगे बढ़ाने के लिए संकल्पित है।