October 19, 2026

Blog

Spread the love

मुंबई, 19 अक्टूबर । मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सोमवार को कहा कि फिल्म अभिनेता टाइगर श्राफ पर हुई फायरिंग मामले की पुलिस गहन छानबीन कर रही है। इस मामले में आरोपितों और उनके आकाओं का पता चल गया है। किसी भी आरोपित को बक्शा नहीं जाएगा।

इस दौरान आज सुबह उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे टाइगर श्रॉफ के आवास पहुंचे और उनसे मुलाकात की । शिंदे ने फायरिंग की घटना की निंदा की और इसे “बेहद चिंताजनक” बताया। उन्होंने कहा कि घटना के बाद उन्होंने मुंबई पुलिस कमिश्नर और टाइगर श्रॉफ दोनों से बात की है। शिंदे ने बताया कि पुलिस ने दोषियों की पहचान करने और उन्हें गिरफ्तार करने के लिए कई टीमें बनाई हैं। उन्होंने कहा कि सरकार शहर में डर फैलाने की कोशिश करने वाले गिरोहों को बर्दाश्त नहीं करेगी।

जुहू के पुष्पा पार्क के पास रविवार को अज्ञात बंदूकधारियों ने उनकी कार पर फायरिंग की थी। मुंबई पुलिस ने पुष्टि की थी कि टाइगर सुरक्षित हैं और उन्हें गोली नहीं लगी है। हालांकि, सोमवार की रिपोर्टों के अनुसार, उन्हें बारूद और कांच के टुकड़ों से मामूली चोटें आईं, जबकि इस घटना में उनका ड्राइवर भी घायल हो गया। नानावटी अस्पताल के सूत्रों के अनुसार, टाइगर के ड्राइवर के बाएं हाथ में गोली लगी है और उन्हें सर्जरी की जरूरत पड़ सकती है। अभिनेता को मामूली खरोंचें आईं थीं, जांच के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।

जुहू पुलिस ने तीन अज्ञात आरोपितों के विरुद्ध मामला दर्ज किया है। सोशल मीडिया पर वायरल एक पोस्ट के अनुसार, लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने इस हमले की जिम्मेदारी ली है, लेकिन पुलिस ने अभी तक इसकी पुष्टि नहीं की है। हिंदी में लिखी इस पोस्ट में कहा गया है, “हमने उसे फोन करके समझाने की कोशिश की थी, लेकिन वह नहीं समझा। इसलिए आज हमने उसे अच्छे से समझा दिया।” पंडित ने चेतावनी दी है कि जब तक कलाकार बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान के साथ काम करना बंद नहीं कर देते, तब तक हमले जारी रहेंगे। मुंबई फिल्म इंडस्ट्री में जो भी हमारी बात नहीं मानेगा या सलमान खान के साथ काम करेगा, अगला नंबर उसी का होगा। इंतजार करें और देखें।”

मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि हमला करने वाले डरपोक हैं और कहीं और छिपकर हमला कर रहे हैं। इस मामले में मुंबई पुलिस केंद्र से बातचीत कर आरोपित कहीं भी बैठे होंगे, उन पर कार्रवाई करेगी। देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि इस मामले में पुलिस को सब कुछ पता चल गया है और पुलिस बहुत जल्द आरोपितों को गिरफ्त में लेगी।