October 14, 2026

Blog

Spread the love

मुंबई, 14 अक्टूबर । अभिनेता आयुष्मान खुराना की आगामी फिल्म ‘उड़ता तीर’ का दूसरा ट्रेलर दर्शकों को कॉमेडी, एक्शन और मनोरंजन की नई दुनिया की झलक दिखाता है। आयुष्मान और सारा अली खान अभिनीत इस फिल्म को देशभक्ति, हास्य और एक्शन का अनोखा मेल बताया जा रहा है। फिल्म 23 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

फिल्म की कहानी पर बात करते हुए आयुष्मान ने कहा, “जब आपको लगता है कि आपको पता है कि ‘उड़ता तीर’ की कहानी किस ओर जा रही है, तभी इसमें एक नया मोड़ आ जाता है।” उन्होंने कहा कि फिल्म की खासियत इसका अलग-अलग विधाओं को एक साथ जोड़ने वाला विचार है। उनके मुताबिक, देशभक्ति, एक्शन और कॉमेडी को इस तरह के गैर-पारंपरिक अंदाज में पेश करना दर्शकों के लिए नया अनुभव होगा। अभिनेता को उम्मीद है कि फिल्म के अप्रत्याशित मोड़ और हास्य दर्शकों का भरपूर मनोरंजन करेंगे।

आकाश ए. कौशिक के लेखन और निर्देशन में बनी इस फिल्म में आयुष्मान और सारा के साथ मुकुल देव, राम कपूर, रघुबीर यादव, बृजेन्द्र काला, गुलशन ग्रोवर, सुहैल नैय्यर, राहुल बोस और सुप्रिया पिलगांवकर भी नजर आएंगे। फिल्म का निर्माण करण जौहर, अदार पूनावाला, अपूर्व मेहता, गुनीत मोंगा कपूर और अचिन जैन ने धर्मा प्रोडक्शंस तथा सिख्या एंटरटेनमेंट के बैनर तले किया है।