कांकेर, 01 अक्टूबर । जिले में सत्र 2027-28 के लिए क्रिकेट खिलाड़ियों की चयन प्रक्रिया 02 और 03 अक्टूबर को नवागांव भावगीर स्थित एनसीजी क्रिकेट मैदान में होगी। इसमें अंडर-14, अंडर-16, अंडर-23 और सीनियर वर्ग के खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा। चयन प्रक्रिया में शामिल होने के लिए सभी खिलाड़ियों का ऑनलाइन पंजियन अनिवार्य है।
अंडर-14 और अंडर-16 वर्ग के खिलाड़ियों का चयन 02 अक्टूबर को सुबह 08 बजे एनसीजी क्रिकेट मैदान में होगा। अंडर-14 के लिए कट ऑफ डेट 01 सितंबर 2012 से 31 अगस्त 2014 और अंडर-16 के लिए 01 सितंबर 2011 से 31 अगस्त 2013 निर्धारित की गई है। अंडर-23 और सीनियर वर्ग के खिलाड़ियों का चयन 03 अक्टूबर को सुबह 08 बजे एनसीजी क्रिकेट मैदान में होगा। अंडर-23 वर्ग के लिए कट ऑफ डेट 01 सितंबर 2004 से 31 अगस्त 2008 निर्धारित है। चयन में शामिल होने वाले खिलाड़ियों को पंजीयन फार्म, मार्कशीट, जन्म प्रमाण पत्र, आधार कार्ड और पासपोर्ट साइज फोटो साथ लाना होगा। खिलाड़ियों के लिए सफेद क्रिकेट किट में आना अनिवार्य है।
जिला क्रिकेट संघ कांकेर के अध्यक्ष रूपेंद्र सिंह बैस ने उक्त जानकारी देते हुए पंजीयन और चयन से जुड़ी जानकारी के लिए सिद्धार्थ श्रीवास्तव, शशांक नेताम और सत्यजीत रॉय से संपर्क किया जा सकता है।
