April 30, 2026

Blog

Spread the love

लखनऊ । उत्तरप्रदेश विधानसभा के विशेष सत्र में महिला आरक्षण संशोधन विधेयक को लेकर जोरदार हंगामा देखने को मिला। सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस के चलते सदन का माहौल गरमा गया।नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय ने विधेयक का विरोध करते हुए कहा कि यह विषय केंद्र सरकार के अधिकार क्षेत्र में आता है, इसलिए राज्य विधानसभा में इस पर चर्चा उचित नहीं है। उन्होंने सरकार पर जनता को गुमराह करने का आरोप भी लगाया।

वहीं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना ने विपक्ष के रुख पर कड़ी आपत्ति जताते हुए कहा कि महिला सशक्तिकरण सरकार की प्राथमिकता है और इस तरह के मुद्दों का विरोध करना दुर्भाग्यपूर्ण है।बढ़ते विवाद के बीच विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने हस्तक्षेप किया और स्पष्ट किया कि सदन में किसी भी विषय पर चर्चा कराना अध्यक्ष के अधिकार क्षेत्र में आता है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि चर्चा शुरू होने से पहले ही विरोध करना उनकी मानसिकता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा लाया गया महिला वंदन अधिनियम महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने की दिशा में ऐतिहासिक कदम है, जिससे 33 प्रतिशत आरक्षण सुनिश्चित होगा।कुल मिलाकर, महिला आरक्षण के मुद्दे पर सदन में जोरदार टकराव ने राजनीतिक माहौल को और गरमा दिया है।