September 26, 2026

Blog

Spread the love

आइची-नगोया, 26 सितंबर । भारतीय मुक्केबाज कपिल पोखरिया ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एशियन गेम्स 2026 की पुरुषों की 91 किग्रा भार वर्ग स्पर्धा के क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली है। कपिल ने शनिवार को राउंड ऑफ 16 मुकाबले में ईरान के साम एस्ताकी को 5-0 से हराया।

कपिल ने मुकाबले की शुरुआत से ही आक्रामक और नियंत्रित अंदाज में खेल दिखाया। लंबाई में बढ़त के बावजूद एस्ताकी भारतीय मुक्केबाज की सटीक पंचिंग और बेहतर मूवमेंट का सामना नहीं कर सके। पहले राउंड में कपिल ने 4-1 से बढ़त हासिल की।

दूसरे राउंड में भी कपिल ने अपना दबदबा कायम रखा। उन्होंने लगातार प्रभावी पंच लगाए और जजों ने सर्वसम्मति से राउंड उनके पक्ष में दिया। तीसरे राउंड में भी भारतीय मुक्केबाज ने संयम बनाए रखा और एस्ताकी को वापसी का कोई मौका नहीं दिया। अंततः कपिल ने 5-0 के सर्वसम्मत फैसले से मुकाबला अपने नाम कर लिया।

क्वार्टर फाइनल में कपिल का सामना दक्षिण कोरिया के किम गिचाए और पाकिस्तान के इरफान खान के बीच होने वाले मुकाबले के विजेता से 28 सितंबर को होगा।

इससे पहले शनिवार को भारत के जदुमानी सिंह को पुरुषों के 55 किग्रा वर्ग के राउंड ऑफ 16 में फिलीपींस के कार्लो पालाम के खिलाफ 0-3 से हार का सामना करना पड़ा। करीबी मुकाबले में पालाम ने शुरुआती दौर में बढ़त बनाई और अंत तक इसे बरकरार रखते हुए मुकाबला अपने नाम किया।