September 29, 2026

Blog

Spread the love

नई दिल्ली, 29 सितंबर । केंद्र सरकार 2 से 31 अक्टूबर तक विशेष अभियान-6.0 चलाएगी। इसके तहत राष्ट्रीय राजमार्गों और टोल प्लाजा की सफाई, रखरखाव, गड्ढामुक्त सड़कें, शौचालयों के उन्नयन, बेहतर प्रकाश व्यवस्था और सड़क संकेतकों में सुधार पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। अभियान का उद्देश्य राष्ट्रीय राजमार्गों को अधिक स्वच्छ, सुरक्षित और सुविधाजनक बनाना है।

केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के अनुसार, अभियान के दौरान विशेष रूप से शहरी क्षेत्रों से गुजरने वाले राष्ट्रीय राजमार्गों से कचरा हटाया जाएगा। टोल प्लाजा के शौचालयों का नवीनीकरण और नियमित रखरखाव किया जाएगा। इसके साथ ही टोल प्लाजा पर सफाई, रंग-रोगन, बेहतर रोशनी और सौर ऊर्जा सुविधाओं को बढ़ावा देने पर जोर रहेगा।

मंत्रालय के अनुसार, सड़क संकेतकों में सुधार, रोड मार्किंग की दृश्यता बढ़ाने और राष्ट्रीय राजमार्गों को गड्ढामुक्त बनाने के लिए भी विशेष अभियान चलाया जाएगा। इससे सड़क उपयोगकर्ताओं की सुविधा और सुरक्षा बेहतर करने का प्रयास किया जाएगा।

मंत्रालय ने बताया कि अभियान दो चरणों में संचालित किया जा रहा है। 15 से 30 सितंबर तक तैयारी चरण चल रहा है, जिसमें लक्ष्यों की पहचान, सफाई अभियानों की योजना, अनुपयोगी सामग्री के निस्तारण और अन्य तैयारियां की जा रही हैं। मुख्य अभियान 2 अक्टूबर से शुरू होगा।

अभियान के तहत प्रत्येक क्षेत्र में 50 किलोमीटर लंबे राष्ट्रीय राजमार्ग खंड और एक टोल प्लाजा को विशेष सुधार कार्यों के लिए चिन्हित किया गया है। मंत्रालय मुख्यालय के अधिकारियों को इन स्थानों का निरीक्षण करने और सुधार कार्यों के प्रभाव का आकलन करने की जिम्मेदारी दी गई है। अधिकारी कमियों की पहचान कर उनका भू-चिह्नीकरण करेंगे और सुधार कार्यों की लगातार निगरानी करेंगे।

मंत्रालय ने राष्ट्रीय राजमार्गों की स्वच्छता, सुरक्षा और रखरखाव में सुधार सुनिश्चित करने के लिए क्षेत्रीय कार्यालयों, कार्यक्रम क्रियान्वयन इकाइयों, परियोजना निदेशकों और अन्य फील्ड कार्यालयों को विशेष निर्देश दिए हैं।

विशेष अभियान-6.0 के तहत लंबित मामलों को कम करने, अभिलेख प्रबंधन को मजबूत करने, ई-कचरे के जिम्मेदारीपूर्ण निस्तारण और कार्यालयी स्थानों के बेहतर उपयोग पर भी ध्यान दिया जाएगा। विभिन्न संगठनों में नोडल अधिकारियों की नियुक्ति की गई है, जो अभियान की प्रगति की निगरानी करेंगे और नियमित रिपोर्ट प्रस्तुत करेंगे।