नवंबर का दूसरा सप्ताह शुरू होते ही देश के मैदानी इलाकों में मौसम का मिजाज बदलने लगा है। सुबह और रात के समय हल्की ठंड महसूस होने लगी है, जबकि दिन में धूप निकलने से लोगों को राहत मिल रही है। झारखंड और बिहार में फिलहाल कड़ाके की ठंड पड़ने के संकेत नहीं हैं। यहां सुबह हल्की धुंध और दिन में धूप खिलने की संभावना है। वहीं उत्तर प्रदेश और दिल्ली-NCR में भी मौसम शुष्क बना हुआ है। हालांकि, आने वाले दिनों में पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से उत्तर भारत के कुछ हिस्सों में मौसम बदल सकता है। मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक, फिलहाल इन राज्यों में बारिश की कोई बड़ी चेतावनी नहीं है।
झारखंड में नवंबर के साथ ही तापमान में धीरे-धीरे गिरावट देखने को मिल रही है। खासकर रांची, गुमला, लातेहार और आसपास के इलाकों में सुबह तथा देर रात ठंड का असर बढ़ रहा है। हालांकि, दिन चढ़ने के साथ आसमान साफ रहने और धूप निकलने से मौसम सामान्य बना रहेगा। रांची में अधिकतम तापमान 27 डिग्री और न्यूनतम तापमान करीब 15 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। वहीं गुमला में न्यूनतम तापमान 12 डिग्री तक पहुंच सकता है। जमशेदपुर और सरायकेला जैसे क्षेत्रों में दिन का तापमान 30 से 31 डिग्री तक रहने की संभावना है। फिलहाल राज्य में बारिश का कोई बड़ा अलर्ट नहीं है
बिहार में भी मौसम का मिजाज फिलहाल सामान्य रहने का अनुमान है। पटना, गया, मुजफ्फरपुर, भागलपुर और दरभंगा समेत राज्य के अधिकांश हिस्सों में दिन के समय धूप निकल सकती है। सुबह कुछ इलाकों में हल्की धुंध देखने को मिल सकती है, लेकिन दिन में आसमान साफ रहने की संभावना है। पटना में अधिकतम तापमान करीब 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। मुजफ्फरपुर में अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम 20 डिग्री तक रह सकता है। फिलहाल बारिश या आंधी-तूफान को लेकर कोई विशेष चेतावनी नहीं है। हालांकि, रात के तापमान में धीरे-धीरे गिरावट आने से ठंड का असर बढ़ सकता है
