September 12, 2026

Blog

Spread the love

नई दिल्ली, 12 सितंबर । अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) ने दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ (डूसू) चुनाव के लिए अपने केंद्रीय पैनल के प्रत्याशियों की घोषणा के बाद चुनाव अभियान तेज कर दिया है। अध्यक्ष पद पर यश डबास, उपाध्यक्ष पद पर ईशू मौर्य, सचिव पद पर रिया छाबड़ी एवं संयुक्त सचिव पद पर लक्ष्यराज सिंह अभाविप के प्रत्याशी हैं। चारों पदों पर जीत के लक्ष्य के साथ अभाविप कार्यकर्ता विभिन्न कॉलेजों, छात्रावासों एवं विद्यार्थी बहुल क्षेत्रों में लगातार संपर्क और संवाद कर रहे हैं।

अभाविप के कार्यकर्ताओं ने शनिवार को विभिन्न पीजी एवं छात्रावासों में विद्यार्थियों से संपर्क कर विद्यार्थी हित से जुड़े मुद्दों पर संवाद किया। सत्य निकेतन हादसे के बाद चल रहे ‘आखिर कब तक?’ अभियान के तहत सुरक्षित विद्यार्थी आवास का मुद्दा उठाया गया। अभाविप की मांग और लगातार प्रदर्शनों के बाद 2400 बेड के गर्ल्स हॉस्टल का निर्माण किया जा रहा है। विश्वविद्यालय में हॉस्टल की सीमित संख्या और सीटों की कमी को देखते हुए सभी विद्यार्थियों के लिए हॉस्टल की सीटें बढ़ाना और सुरक्षित एवं सुलभ आवास उपलब्ध कराना अभाविप का प्रमुख मुद्दा है।

परिषद ने बताया कि महिला सुरक्षा अभाविप का प्रमुख मुद्दा है। पिंक बूथ, सीसीटीवी कैमरे, महिला सुरक्षा गश्ती वाहन और यू-स्पेशल बस सेवा जैसी पहलों के साथ ‘नारी तू नारायणी’, ‘स्वयंसिद्धा’ और ‘वामिका’ जैसे अभियानों के माध्यम से छात्राओं की सुरक्षा, आत्मनिर्भरता और नेतृत्व को बढ़ावा दिया गया है। डूसू में अकादमिक, महिला, पूर्वोत्तर एवं छात्रावास संबंधी समस्याओं के लिए समर्पित प्रकोष्ठ भी बनाए गए हैं, ताकि विद्यार्थियों की समस्याओं को सीधे सुनकर उनके समाधान के लिए प्रभावी प्रयास किए जा सकें।

अभाविप पैनल से डूसू सचिव पद की प्रत्याशी रिया छाबड़ी ने कहा कि महिला सुरक्षा और हॉस्टल की सुविधा विद्यार्थियों की जरूरतें हैं। अभाविप ने इन मुद्दों को हमेशा जमीन पर उठाया है। अभाविप चाहती है कि दिल्ली विश्वविद्यालय में छात्राओं को सुरक्षित माहौल मिले और हर विद्यार्थी को अपनी पढ़ाई के दौरान उचित और सुरक्षित आवास मिल सके। उन्होंने इस बार डूसू में 4-0 से जीत हासिल करने की उम्मीद जताई।