September 12, 2026

Blog

Spread the love

बलरामपुर, 12 सितंबर । बलरामपुर जिले के तकनीकी विद्यार्थियों को नौकरी की तलाश तक सीमित रखने के बजाय नवाचार और उद्यमिता की दिशा में आगे बढ़ाने के लिए शासकीय पॉलीटेक्निक रामानुजगंज में शनिवार काे ‘वन इंस्टीट्यूशन, वन स्टार्टअप’ के तहत एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में विद्यार्थियों को स्टार्टअप, इंटरप्रेन्योरशिप और इनोवेशन से जुड़ी संभावनाओं की जानकारी दी गई।

कार्यशाला में कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने कहा कि जिले के युवाओं में प्रतिभा और नए विचारों की कमी नहीं है। जरूरत उन्हें उचित मंच, मार्गदर्शन और अवसर उपलब्ध कराने की है। उन्होंने तकनीकी शिक्षा ले रहे विद्यार्थियों से नौकरी पाने वाले नहीं, बल्कि रोजगार देने वाले उद्यमी बनने की दिशा में सोचने का आह्वान किया।

विद्यार्थियों को स्थानीय जरूरतों और समस्याओं को ध्यान में रखकर नवाचारी समाधान तैयार करने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही स्वरोजगार और स्टार्टअप से जुड़ी शासकीय योजनाओं की जानकारी अधिक से अधिक युवाओं तक पहुंचाने पर जोर दिया गया, ताकि विद्यार्थी उपलब्ध अवसरों का लाभ उठा सकें।

संस्था के प्राचार्य डॉ. एस.पी. मिश्रा के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यशाला में विद्यार्थियों को स्टार्टअप, इंटरप्रेन्योरशिप एवं इनोवेशन सेल की स्थापना और उसकी कार्यप्रणाली के बारे में जानकारी दी गई। जिला रोजगार विभाग से मैनेजर कुशल प्रसाद सिंह ने भी विभिन्न शासकीय योजनाओं और स्टार्टअप के लिए उपलब्ध अवसरों की जानकारी दी।

कार्यशाला में सिविल, इलेक्ट्रिकल और मैकेनिकल विभाग के विभागाध्यक्षों, व्याख्याताओं और विद्यार्थियों को तीन समूहों में बांटा गया। पहले चरण में ये समूह स्थानीय समुदाय, उद्योग, तकनीक और उभरते क्षेत्रों से जुड़ी वास्तविक समस्याओं की पहचान करेंगे। इसके बाद इन समस्याओं के व्यावहारिक और नवाचारी समाधान तैयार किए जाएंगे।

अगले चरण में विद्यार्थी अपने तैयार किए गए स्टार्टअप आइडिया का प्रस्तुतीकरण करेंगे। संस्था स्तर पर एक बेहतर और उपयोगी आइडिया विकसित करने के लिए कार्ययोजना भी तैयार की गई है। इस पहल से विद्यार्थियों को स्वरोजगार और अपना उद्योग शुरू करने की दिशा में सोचने का अवसर मिलेगा।