April 29, 2026

Blog

Spread the love

कोलकाता, 29 अप्रैल । पूर्व भारतीय क्रिकेटर सौरव गांगुली का मानना है कि इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 में किसी एक टीम को स्पष्ट रूप से पसंदीदा बताना मुश्किल है। उनके अनुसार इस सीजन कई टीमें शानदार प्रदर्शन कर रही हैं।

गांगुली और उनकी पत्नी डोना गांगुली ने बुधवार को पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के दूसरे चरण में अपना वोट डाला। उन्होंने दक्षिण 24 परगना के एक मतदान केंद्र पर अपना वोट डाला।

मतदान के बाद पत्रकारों से बात करते हुए गांगुली ने आईपीएल 2026 सीजन में पसंदीदा टीम पर अपनी राय व्यक्त की। गांगुली ने कहा कि आईपीएल में इस बार कई टीमें हैं, किसी एक टीम को पसंदीदा बताना मुश्किल है। पंजाब किंग्स अच्छा खेल रही है, राजस्थान रॉयल्स अच्छा कर रही है और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु भी अच्छा खेल रही है। उन्होंने कहा कि सबके सात-आठ मैच हुए हैं। अभी आधा टूर्नामेंट बाकी है।

आईपीएल 2026 की अभी तक की अंक तालिका में नजर डालें तो पंजाब किंग्स टॉप पर है। टीम के आठ मैचों में 13 अंक हैं। दूसरे स्थान पर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु है, जिसके आठ मैचों में 12 अंक हैं। राजस्थान रॉयल्स नौ मैचों में 12 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर है। सनराइजर्स हैदराबाद 10 अंकों के साथ चौथे स्थान पर है। गुजरात टाइटन्स आठ मैचों में 8 अंकों के साथ पांचवें स्थान पर है। चेन्नई सुपर किंग्स और दिल्ली कैपिटल्स क्रमशः छठे और सातवें स्थान पर हैं। दोनों के 6-6 अंक हैं। कोलकाता नाइट राइडर्स और मुंबई इंडियंस क्रमशः आठवें और नौवें स्थान पर हैं। कोलकाता नाइट राइडर्स के 8 मैचों में 5 अंक हैं, जबकि मुंबई इंडियंस के सात मैचों में 4 अंक हैं। लखनऊ सुपर जायंट्स 8 मैचों में चार अंक के साथ तालिका में सबसे निचले पायदान पर है।-