जगदलपुर, 11 अगस्त । कांग्रेस भवन में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महामंत्री मलकीत सिंह गैदू की उपस्थिति में आज मंगलवार काे उत्तर ब्लॉक अध्यक्ष सूर्यापानी व दक्षिण ब्लॉक अध्यक्ष बलराम यादव के नेतृत्व में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के कार्यकारिणी की बैठक आहूत की गई ।
इस बैठक में स्मार्ट मीटर व बिजली बिल बढ़ोत्तरी के खिलाफ व 400 यूनिट बिजली बिल हाफ योजना पुनः लागू करने की मांग को लेकर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी,मंडल,सेक्टर पदाधिकारी व कार्यकर्ता घर-घर पहुंच व्यापक जनसंपर्क कर उपभोक्ताओं से आवेदन फॉर्म भरवाया जाएगा जिसको लेकर जनांदोलन की रणनीति बनाई गई।
बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस महामंत्री मलकीत सिंह गैदू ने कहा कि, प्रदेश की भाजपा सरकार द्वारा आम जनता और मध्यम वर्ग के हितों को दरकिनार कर बिजली बिलों में बेतहाशा बढ़ोतरी की गई है। जिसके चलते आज आम जनता व मध्यम वर्ग पूरी तरह से परेशान है। पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार द्वारा आम नागरिकों को दी जा रही 400 यूनिट तक बिजली बिल हाफ योजना’ को बंद कर जनता पर आर्थिक बोझ लाद दिया गया है। इसके ऊपर से जबरन स्मार्ट मीटर थोपे जा रहे हैं, जिससे उपभोक्ता खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं। कांग्रेस पार्टी मांग करती है कि स्मार्ट मीटर लगाने पर तत्काल रोक लगाई जाए और बिजली बिल हाफ योजना को पुनः बहाल किया जाए। इस जनहित की मांग को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ता सड़क पर उतरकर पुरजोर संघर्ष करेंगे।
उत्तर ब्लॉक अध्यक्ष सूर्यापानी ने कहा कि, बढ़ते बिजली बिलों और स्मार्ट मीटर की आड़ में हो रहे जनता के शोषण के खिलाफ कांग्रेस की यह लड़ाई निर्णायक होगी। रणनीति के तहत ब्लॉक कांग्रेस कमेटी द्वारा पूरे क्षेत्र में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा। इसके अंतर्गत प्रत्येक वार्ड में ब्लॉक, मंडल और सेक्टर स्तर के पदाधिकारी व कार्यकर्ता घर-घर जाकर उपभोक्ताओं से सीधा संवाद करेंगे बिजली की समस्याओं, बढ़े हुए बिलों और स्मार्ट मीटर के खिलाफ आम नागरिकों से आवेदन फॉर्म भरवाए जाएंगे। जनता की मांगों को मजबूती से रखा जाएगा।
दक्षिण ब्लॉक अध्यक्ष बलराम यादव ने कहा जब तक जनता को बिजली बिलों से राहत नहीं मिलती और जनविरोधी नीतियां वापस नहीं ली जातीं,तब तक यह संघर्ष जारी रहेगा।आगामी दिनों में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी इस अभियान के तहत मंडल एवं सेक्टर स्तर के कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी सौंपते हुए उपभोक्ताओं से सघन जनसंपर्क उनकी समस्याओं को दर्ज करने तथा विरोध-पत्र एवं आवेदन एकत्रित करने का कार्य करेंगे।
बिजली का बढ़ता बिल आज हर परिवार की चिंता का विषय बन चुका है। कांग्रेस पार्टी जनता की इस लड़ाई को हर स्तर पर लड़ेगी और जब तक जबरन थोपे जा रहे इन स्मार्ट मीटरों को हटाकर पुराने मीटर बहाल नहीं किए जाते,यह जन आंदोलन थमेगा नहीं।
इस दौरान पूर्व विधायक रेखचंद जैन, पूर्व महापौर जतिन जायसवाल, पूर्व सभापति कविता साहू, रामशंकर राव,जिला उपाध्यक्ष अतिरिक्त शुक्ला, वीरेंद्र परिहार,महिला कांग्रेस अध्यक्ष लता निषाद,महामंत्री अभिषेक नायडू, जाहिद हुसैन,अमरनाथ सिंह, अनुराग महतो,सुषमा सुता, रविशंकर तिवारी,यूंका अध्यक्ष निकेत राज झा, मंडल अध्यक्ष दंतेश्वर राव, ललिता राव,महेश द्विवेदी, राजेंद्र पटवा,गुरमीत कौर, संदीप दास,दयाराम कश्यप, पंचराज,पार्षद शुभम यदु, रामकृष्ण तिवारी,राकेश मौर जस्टिन भवानी,अफरोज बेगम,लोकेशचौधरी,कमलेश पाठकआदि मौजूद रहे।
