चेन्नई (तमिलनाडु), 10 अगस्त । चेन्नई के गिंडी स्थित ओलंपिया टेक पार्क के पास मशहूर संगीतकार एआर रहमान के बेटे एआर अमीन की लग्जरी कार आज तड़के एक अन्य कार से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस घटना में किसी को भी गंभीर चोट नहीं आई और सभी लोग मामूली चोटों के साथ सुरक्षित बच गए। अडयार पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बताया गया है कि आज तड़के करीब 3:30 बजे अमीन अपने एक दोस्त के साथ कार में सवार होकर गिंडी की ओर जा रहे थे।। कार गिंडी ओलंपिया टेक पार्क सिग्नल के पास पहुंची, तभी बगल से आ रही एक अन्य कार से टकरा गई। इस दौरान दोनों कारें साइड से क्षतिग्रस्त हो गईं।
एआर रहमान के बेटे अमीन और उनके दोस्त को केवल मामूली खरोंच और चोट आईं। इसके बाद वे तुरंत पास के एक निजी अस्पताल गए, जहां प्राथमिक उपचार लेने के बाद सुरक्षित घर लौट आए। दूसरी कार में सवार रैपिडो चालक/यात्री को भी मामूली चोट आई। पुलिस के अनुसार, वह सरकारी अस्पताल जाकर उपचार कराने के बाद घर लौट गया। घटनास्थल पर पहुंची अडयार यातायात जांच प्रभाग की पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त दोनों कारों को जब्त कर लिया। इस घटना के संबंध में मामला दर्ज किया गया है।
