August 13, 2026

Blog

Spread the love

बलरामपुर, 13 अगस्त । सड़क दुर्घटना में घायल लोगों की मदद कर उन्हें समय पर अस्पताल पहुंचाने वाले नागरिकों को प्रोत्साहित करने की दिशा में जिला प्रशासन द्वारा पहल की जा रही है। इसी क्रम में आज गुरुवार को जिला मुख्यालय स्थित पुलिस ग्राउंड में आशीर्वाद गुप्ता को राहवीर योजना के तहत उनके मानवीय एवं सराहनीय कार्य के लिए सम्मानित किया गया। कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी एवं पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर ने उन्हें प्रशस्ति पत्र प्रदान किया तथा प्रोत्साहन स्वरूप 25 हजार रुपए की राशि का डेमो चेक सौंपा।

आशीर्वाद गुप्ता ने 25 मार्च 2026 को चौकी गणेशमोड़ क्षेत्र में हुई सड़क दुर्घटना के बाद घायलों की मदद के लिए तत्काल पहल की थी। उन्होंने दुर्घटना में घायल व्यक्तियों को समय पर अस्पताल पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। संकट की घड़ी में उनकी तत्परता और मानवीय संवेदना को देखते हुए प्रशासन ने उन्हें राहवीर योजना के तहत सम्मानित किया।

कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने आशीर्वाद गुप्ता के कार्य की सराहना करते हुए कहा कि संकट की घड़ी में जरूरतमंद की मदद के लिए आगे आना मानवता और सामाजिक जिम्मेदारी का परिचायक है। समय पर मिली छोटी-सी मदद भी किसी व्यक्ति की जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। ऐसे कार्य समाज में संवेदनशीलता और सहयोग की भावना को मजबूत करते हैं और दूसरे नागरिकों को भी जरूरतमंदों की सहायता के लिए प्रेरित करते हैं।

पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर ने कहा कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति के लिए गोल्डन ऑवर बेहद महत्वपूर्ण होता है। इस दौरान बिना किसी स्वार्थ के घायल की मदद कर उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाने वाला व्यक्ति वास्तव में राहवीर है। आशीर्वाद गुप्ता ने भी संवेदनशीलता और तत्परता का परिचय देते हुए घायलों को समय पर अस्पताल पहुंचाने में सहयोग किया, जो सराहनीय है।

प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को देखकर मूकदर्शक न बनें और तत्काल सहायता के लिए आगे आएं। कुछ मिनटों की तत्परता किसी की जिंदगी बचाने में महत्वपूर्ण साबित हो सकती है। दुर्घटना की स्थिति में 112 हेल्पलाइन के माध्यम से आवश्यक सेवाओं की मदद लेते हुए घायल को शीघ्र उपचार उपलब्ध कराने में सहयोग किया जा सकता है।

केंद्र शासन की राहवीर योजना का उद्देश्य सड़क दुर्घटना के पीड़ितों को गोल्डन ऑवर में सहायता उपलब्ध कराने वाले संवेदनशील नागरिकों को प्रोत्साहित करना है। योजना के तहत सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति की मदद कर उसे समय पर अस्पताल पहुंचाने वाले पात्र व्यक्ति को 25 हजार रुपए का पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाता है।

कार्यक्रम में जिला पंचायत सीईओ डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी, अपर कलेक्टर अभिषेक गुप्ता, आर.एन. पाण्डेय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विश्व दीपक त्रिपाठी सहित जिला स्तरीय एवं पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाएं तथा छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।