November 20, 2026

Blog

Spread the love

चक्रवात अकवान के प्रभाव से पश्चिम बंगाल के दक्षिणी हिस्से के कई जिलों में बारिश हो रही है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने शनिवार तक राज्य के इन इलाकों में भारी बारिश का अनुमान जताया है।

ओडिशा के गोपालपुर के पास तट से टकराने वाले इस चक्रवाती तूफान के कारण आज शुक्रवार को कोलकाता में लगातार हल्की से मध्यम बारिश हुई। सुबह दफ्तर जाने के व्यस्त समय में बारिश के कारण सार्वजनिक परिवहन सेवाएं प्रभावित हुईं और नौकरीपेशा लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

आईएमडी ने शनिवार तक दक्षिण 24 परगना और पूर्व मेदिनीपुर के तटीय इलाकों में बहुत भारी बारिश की आशंका जताई है। चक्रवात के प्रभाव से दक्षिण बंगाल के कई अन्य जिलों में भी शनिवार तक भारी बारिश हो सकती है।

मौसम विभाग ने शुक्रवार को कोलकाता में हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान जताया है। आईएमडी के आंकड़ों के मुताबिक, शुक्रवार सुबह साढ़े आठ बजे तक पिछले 24 घंटों में कोलकाता में 19.2 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। इस दौरान मेदिनीपुर में राज्य की सबसे अधिक 47 मिमी बारिश हुई।

वहीं, समुद्र में खराब मौसम और ऊंची लहरों को देखते हुए आईएमडी ने मछुआरों को शनिवार तक पश्चिम बंगाल के तट के आसपास समुद्र में न जाने की सलाह दी है।