बलरामपुर, 16 सितम्बर 2026/
भगवान बलराम जयंती के उपलक्ष्य में कृषि विज्ञान केंद्र एवं कृषि विभाग, बलरामपुर के संयुक्त तत्वावधान में कृषि विज्ञान केंद्र, जाबर में कृषक दिवस मनाया गया। कार्यक्रम में कृषि और कृषक जीवन में भगवान बलराम के योगदान का स्मरण किया गया। साथ ही किसानों को नवीन तकनीकों और उन्नत पद्धतियों के माध्यम से उत्पादन एवं आय बढ़ाने के लिए प्रेरित किया गया।
मुख्य अतिथि के रूप में कृषि स्थायी समिति के सभापति श्री बद्री यादव तथा किसान मोर्चा के वरिष्ठ प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य श्री गोपाल कृष्ण मिश्र शामिल हुए। अतिथियों ने कृषक हित में भगवान बलराम के महत्व को रेखांकित करते हुए किसानों से आधुनिक खेती के साथ प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण पर भी ध्यान देने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में किसानों से खेती से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई और उन्हें उन्नत कृषि तकनीक, आधुनिक पद्धतियों तथा विभागीय योजनाओं की जानकारी दी गई। अधिकारियों और कृषि वैज्ञानिकों ने वैज्ञानिक ढंग से खेती करने तथा उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग करने का आग्रह किया। इस अवसर पर उपसंचालक कृषि डॉ. परमानंद वर्मा, वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी, ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी, कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक तथा बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।
