September 17, 2026

Blog

Spread the love

नई दिल्ली, 17 सितंबर । विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, केंद्रीय गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी समेत कई केंद्रीय मंत्रियों और राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। नेताओं ने भगवान विश्वकर्मा को सृजन, निर्माण, शिल्प और तकनीकी कौशल का प्रतीक बताते हुए देश के कारीगरों, शिल्पकारों, श्रमिकों और इंजीनियरों के योगदान को रेखांकित किया।

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि भगवान विश्वकर्मा भारतीय ज्ञान, निर्माण-कला और तकनीकी कौशल की समृद्ध परंपरा के प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि यह पर्व अपने हुनर और मेहनत से देश के विकास को गति देने वाले कारीगरों, शिल्पकारों, श्रमिकों, इंजीनियरों और अन्य कर्मयोगियों के सम्मान का अवसर भी है। उन्होंने कौशल, नवाचार और कर्मठता को देश की शक्ति बनाने का संकल्प लेने की अपील की।

केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने विश्वकर्मा जयंती पर देशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए अपने कौशल और परिश्रम से विकसित भारत की नींव मजबूत करने वाले शिल्पकारों, कारीगरों और श्रमिकों को नमन किया।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि देश के शिल्पकारों, श्रमिकों और कारीगरों का कौशल, परिश्रम और सृजनशीलता आत्मनिर्भर एवं विकसित भारत के निर्माण को गति दे रही है। उन्होंने भगवान विश्वकर्मा से सभी के जीवन में सुख, समृद्धि और सफलता की कामना की।

केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने विश्वकर्मा जयंती की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने भगवान विश्वकर्मा को निर्माण एवं सृजन का प्रतीक बताते हुए देश के बुनियादी ढांचे के विकास को नई गति देने के लिए आशीर्वाद की कामना की।

संसदीय कार्य एवं अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री किरेन रिजिजू ने भगवान विश्वकर्मा को सृष्टि का दिव्य शिल्पकार और वास्तु एवं निर्माण कला का अधिष्ठाता बताया। उन्होंने देश की निर्माण एवं कौशल शक्ति को निरंतर मजबूत होने की कामना की।

केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि भगवान विश्वकर्मा सृजनशीलता, उत्कृष्टता और परिश्रम की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने कामगारों के हाथों को नई ऊर्जा मिलने और देश के विकास के नए आयाम छूने की प्रार्थना की।

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने विश्वकर्मा जयंती पर शुभकामनाएं देते हुए राष्ट्र निर्माण में योगदान देने वाले शिल्पकारों, कारीगरों और कामगारों का अभिनंदन किया। उन्होंने भगवान विश्वकर्मा की कृपा से श्रमिकों और शिल्पकारों की निरंतर प्रगति की कामना की।

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साई ने प्रदेशवासियों को विश्वकर्मा जयंती की बधाई दी। उन्होंने कहा कि भगवान विश्वकर्मा की कृपा से प्रदेश में श्रम और सृजन की परंपरा निरंतर समृद्ध हो तथा सभी के जीवन में सुख-समृद्धि आए।

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने विश्वकर्मा जयंती की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विश्वकर्मा भगवान की कृपा एवं प्रेरणा से श्रम, कौशल और नवाचार की भावना निरंतर सशक्त हो तथा हमारे शिल्पकारों, कारीगरों और श्रमशील बंधुओं के जीवन में सुख, समृद्धि और उन्नति का संचार हो, यही प्रार्थना है।

आम आदमी पार्टी (आआपा) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने भगवान विश्वकर्मा की जयंती पर देशवासियों को बधाई दी। उन्होंने देश के विकास में अपने श्रम और हुनर से योगदान देने वाले श्रमिकों और कारीगरों को नमन करते हुए हर घर में समृद्धि और खुशहाली की कामना की।