May 8, 2026

Blog

Spread the love

जगदलपुर, 08 मई । मुख्यमंत्री कन्यादान विवाह योजना के तहत इस वर्ष बस्तर जिले में आगामी 9 से 15 जून के बीच जगदलपुर में सामूहिक विवाह समारोह आयोजित किया जाएगा। इस बार प्रशासन ने एक बड़ा बदलाव करते हुए ब्लॉक स्तर के बजाय संभागीय मुख्यालय जगदलपुर में ही एक ही स्थान पर जिलेभर के 140 जोड़ों के विवाह का निर्णय लिया है। महिला एवं बाल विकास विभाग ने इसकी तैयारियां तेज कर दी हैं। इस बार विवाह समारोह में स्वास्थ्य सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है। आदिवासी अंचलों में सिकल सेल बीमारी के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए सभी युवक-युवतियों के लिए सिकल सेल जांच अनिवार्य कर दी गई है।

जिला कार्यक्रम अधिकारी मनोज कुमार सिन्हा ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की टीम शिविर लगाकर जांच करेगी। जोड़ों को अपनी जांच रिपोर्ट जमा करनी होगी, इसके बिना उन्हें अंतिम सूची में शामिल नहीं किया जाएगा। इस फैसले का उद्देश्य आने वाली पीढ़ियों को इस गंभीर आनुवांशिक बीमारी से सुरक्षित रखना और लोगों में जागरूकता लाना है।

विभागीय अधिकारियों का कहना है कि इस योजना का सबसे अधिक लाभ आदिवासी और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को मिलेगा। एक गरीब पिता के लिए बेटी के हाथ पीले करना बड़ी चुनौती होती है, जिसे देखते हुए सरकार ने सहायता राशि में भी वृद्धि की है। सामूहिक विवाह के माध्यम से फिजूलखर्ची रोकने और सामाजिक समरसता बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।

आयोजन के लिए अब बड़े स्थल की तलाश की जा रही है जहां 140 जोड़ों के परिजन और मेहमान एक साथ जुट सकें। परियोजना जोड़ों की संख्या जगदलपुर ग्रामीण से 20 जाेड़े, जगदलपुर शहरी 15 जाेड़े, बकावंड 15 जाेड़े, बस्तर 15 जाेड़े, लोहंडीगुड़ा 15 जाेड़े, तोकापाल 15 जाेड़े, बास्तानार 15 जाेड़े, दरभा 15 जाेड़े कुल योग 140 जाेड़े का विवाह योजना के तहत शासन प्रति जोड़े पर 50 हजार रुपए खर्च करेगा। इसमें से 35 हजार रुपए नवदंपत्ति को सीधे चेक के माध्यम से दिए जाएंगे, ताकि वे अपना गृहस्थ जीवन शुरू कर सकें। शेष 15 हजार रुपए की राशि विवाह की व्यवस्थाओं जैसे- वर-वधू के कपड़े, मंगलसूत्र, श्रृंगार सामग्री, साफा, भोजन, पंडाल और अन्य आयोजन खर्च पर व्यय की जाएगी।