September 21, 2026

Blog

Spread the love

भारत और न्यूजीलैंड के बीच मुक्त व्यापार समझौता (एफटीए) 20 अक्टूबर 2026 यानी विजयदशमी के दिन लागू होगा। न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन ने समझौते के लागू होने की तारीख पर खुशी जताते हुए इसे दोनों देशों के कारोबार और अर्थव्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया है। केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने भी सोमवार को इसकी जानकारी देते हुए कहा कि यह समझौता दोनों देशों के लिए नए अवसर खोलेगा।

लक्सन ने जताई खुशी

न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर एफटीए के लागू होने पर उत्साह जताया। उन्होंने कहा कि करीब तीन साल पहले उन्होंने वादा किया था कि यदि उनकी नेशनल पार्टी सत्ता में आती है तो अपने पहले कार्यकाल में ही भारत के साथ मुक्त व्यापार समझौता किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अब यह समझौता पूरा हो चुका है और अगले महीने से लागू हो जाएगा।

कारोबार और रोजगार बढ़ने की उम्मीद

लक्सन ने कहा कि यह देखना रोमांचक होगा कि एफटीए के कारण कितने कारोबार का विस्तार होता है और इसका व्यवसायों, उनमें काम करने वाले लोगों तथा पूरे न्यूजीलैंड पर क्या प्रभाव पड़ता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि समझौते के लागू होने से निर्यातकों के लिए नए अवसर खुलेंगे, कारोबार का विस्तार होगा और न्यूजीलैंड में रोजगार तथा आय के अवसर बढ़ेंगे।

20 अक्टूबर को लागू होगा समझौता

केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने सोमवार को बताया कि भारत और न्यूजीलैंड के बीच एफटीए 20 अक्टूबर 2026 को विजयदशमी के अवसर पर लागू होगा। गोयल ने सोशल मीडिया पोस्ट में इसे दोनों देशों की जीत बताते हुए कहा कि समझौते से भारत और न्यूजीलैंड के बीच व्यापारिक संबंधों को नई गति मिलेगी।

भारतीय उत्पादों को मिलेगा बड़ा बाजार

गोयल ने इससे पहले भारत-न्यूजीलैंड एफटीए को ऐतिहासिक समझौता बताया था। उन्होंने कहा था कि यह केवल वस्तुओं और सेवाओं के व्यापार तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे कई नए क्षेत्रों में संभावनाएं खुलेंगी। समझौते के तहत न्यूजीलैंड में भारत से निर्यात होने वाले अधिकांश उत्पादों पर शून्य शुल्क का प्रावधान है, जिससे भारतीय निर्यात को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

करीब 140 सेवा क्षेत्रों में अवसर

समझौते के तहत न्यूजीलैंड का बाजार भारत के लिए लगभग 140 सेवा क्षेत्रों में खुलने की बात कही गई है। इसके अलावा शिक्षा, खेल, संस्कृति, कृषि उत्पादकता और तकनीकी सहयोग जैसे क्षेत्रों में भी दोनों देशों के बीच साझेदारी बढ़ाने का प्रावधान है।

द्विपक्षीय व्यापार दोगुना करने का लक्ष्य

इससे पहले न्यूजीलैंड के व्यापार और निवेश मंत्री टॉड मैक्ले ने आईएएनएस के साथ एक विशेष बातचीत में कहा था कि भारत-न्यूजीलैंड एफटीए के एक महीने के भीतर लागू होने की उम्मीद है। उन्होंने समझौते को दोनों देशों के बीच हुए महत्वपूर्ण व्यापार समझौतों में से एक बताते हुए कहा था कि इससे द्विपक्षीय व्यापार को काफी बढ़ावा मिल सकता है।

2030 तक व्यापार दोगुना करने की प्रतिबद्धता

मैक्ले के अनुसार, न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 2030 तक भारत और न्यूजीलैंड के बीच द्विपक्षीय व्यापार को दोगुना करने की प्रतिबद्धता जताई है। उन्होंने कहा था कि एफटीए के बाद यह लक्ष्य हासिल करना संभव है।