नई दिल्ली, 21 नवंबर । भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) की महिला चयन समिति ने इंग्लैंड अंडर-19 महिला टीम के खिलाफ आगामी पांच मैचों की टी20 श्रृंखला के लिए भारतीय अंडर-19 महिला टीम की घोषणा कर दी है। यह श्रृंखला वडोदरा और सूरत में खेली जाएगी। जनवरी 2027 में होने वाले आईसीसी अंडर-19 महिला टी20 विश्वकप की तैयारी के लिहाज से यह श्रृंखला महत्वपूर्ण होगी।
भाविका अहिरे को टीम की कप्तानी सौंपी गई है, जबकि अनादी तागड़े उपकप्तान होंगी। भाविका के साथ श्रेया एस. चव्हाण को विकेटकीपर के रूप में टीम में शामिल किया गया है।
भारतीय अंडर-19 महिला टीम : भाविका अहिरे (कप्तान और विकेटकीपर), इरा जाधव, निधि महतो, पूर्वा सिवाच, मेहेक नरवसे, मैत्री मनियार, ईश्वरी अवसारे, दीया यादव, श्रेया एस. चव्हाण (विकेटकीपर), समायरा राघव, कुमारी पलक, उमा काश्वी, अच्छाह परमार, अनादी तागड़े (उपकप्तान) और पलक सिंह।
इंग्लैंड अंडर-19 महिला टीम का भारत दौरा : कार्यक्रम
पहला टी20 मुकाबला 26 नवंबर को वडोदरा में शाम छह बजे खेला जाएगा। दूसरा मुकाबला 28 नवंबर को वडोदरा में दोपहर एक बजे होगा। श्रृंखला का तीसरा मुकाबला एक दिसंबर को सूरत में शाम छह बजे, चौथा मुकाबला तीन दिसंबर को सूरत में शाम छह बजे और पांचवां तथा अंतिम मुकाबला छह दिसंबर को सूरत में दोपहर एक बजे खेला जाएगा।
