May 25, 2026

Blog

Spread the love

बलरामपुर, 25 मई । जिले में मनरेगा के तहत कराए जा रहे कार्य अब ग्रामीणों के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रहे हैं। विकासखंड शंकरगढ़ के ग्राम पंचायत खैराडीह में निर्मित पक्की सिंचाई नाली किसानों के लिए बड़ी राहत साबित हो रही है। नाली बनने से अब खेतों तक समय पर पानी पहुंच रहा है और खेती आसान हो गई है।

मनरेगा अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2025-26 में गांव में लगभग 800 मीटर लंबी पक्की सिंचाई नाली का निर्माण कराया गया। पहले यहां के किसान बारिश पर निर्भर होकर खेती करते थे। खेतों तक पानी पहुंचाने के लिए कच्ची नालियां बनाई जाती थीं, जो बारिश और टूट-फूट में हर साल खराब हो जाती थीं। इससे किसानों को परेशानी के साथ अतिरिक्त खर्च भी उठाना पड़ता था।

ग्रामीणों की मांग पर बनाई गई इस पक्की नाली से अब करीब 200 से 250 एकड़ कृषि भूमि में नियमित सिंचाई हो रही है। इसका लाभ गांव के 11 किसानों को मिल रहा है। खेतों तक आसानी से पानी पहुंचने से फसलों का उत्पादन बढ़ा है और किसानों को सिंचाई के लिए संघर्ष नहीं करना पड़ रहा।

किसानों का कहना है कि पहले वे केवल एक फसल ही ले पाते थे, लेकिन अब खरीफ और रबी दोनों सीजन में खेती कर रहे हैं। इससे उनकी आय बढ़ी है और आर्थिक स्थिति में भी सुधार आया है। ग्रामीणों ने इस कार्य को गांव के लिए उपयोगी और राहत भरा बताया है।