नई दिल्ली, 14 फरवरी । पाकिस्तान से मंगलवार को प्रकाशित अधिकांश समाचारपत्रों ने आईएमएफ की शर्तें मानते हुए बिजली के बाद अब गैस महंगी होने की खबर को प्रमुखता दी है। इन खबरों के अनुसार गैस 124 प्रतिशत तक महंगी करने का फैसला लिया गया है। घरेलू, औद्योगिक और पावर सेक्टर के लिए जनवरी से 30 जून तक गैस के दामों में वृद्धि करने का फैसले का ऐलान किया गया है। दामों में वृद्धि 16.6 प्रतिशत से शुरू होगी। ईसीसी ने इसकी मंजूरी दे दी है।
अखबारों ने बिजली और गैस के दामों में वृद्धि के बाद अब मिनी बजट की तैयारी में सरकार के जुटने की खबरें दी हैं। विभिन्न वस्तुओं पर जीएसटी 18 प्रतिशत करने के साथ कई तरह के टैक्स लगाए जाने का प्रस्ताव बजट में शामिल किया जा रहा है।
अखबारों ने पूर्व वित्त मंत्री शौकत तरीन के खिलाफ देश से बगावत का मुकदमा दर्ज किए जाने की खबरों को भी महत्व के साथ प्रकाशित किया है। अखबारों ने बताया है कि उन पर एक वीडियो लीक में आईएमएफ फैसले को प्रभावित करने का आरोप लगाया गया है। उनके साथ ही इस मामले में दो अन्य पूर्व मंत्रियों मोहसिन लेगारी और तैमूर झगड़ा को भी नामजद किया गया है। वीडियो में तरीन इन्हीं दोनों से बात कर रहे हैं।
अखबारों ने प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ का एक बयान छापा, जिसमें उन्होंने कहा है कि देश में गेहूं की कोई कमी नहीं है। गेहूं का अवैध भंडार करने वालों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए। उनका कहना है कि जनता को खाने-पीने की वस्तुएं कम दाम पर उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी केंद्र के साथ-साथ राज्य सरकारों की भी है।
अखबारों ने पाकिस्तान के अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त अभिनेता, प्रस्तोता, व्यंग्यकार और लेखक जिया मोहिउद्दीन के इंतकाल की खबरें भी दी हैं। अखबारों ने पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान का एक बयान छापा है जिसमें उन्होंने कहा है कि रूस से सस्ते तेल पर बात की तो बाजवा ने कहा कि यूक्रेन हमले की निंदा करें। देश में माफिया को पूछने वाला कोई नहीं। सारे मिलकर कह रहे हैं कि 90 दिन में इलेक्शन नहीं हो सकते। बहाने कर रहे हैं कि इलेक्शन के लिए पैसे नहीं है।
पंजाब प्रांत में विधानसभा चुनाव के लिए चुनाव आयोग ने गवर्नर से बातचीत के लिए आज समय मांगे जाने की खबरें दी हैं। अखबारों ने पंजाब के केयरटेकर मुख्यमंत्री मोहसिन नकवी का एक बयान छापा है जिसमें उन्होंने कहा है कि इलेक्शन कमीशन जब कहेगा, चुनाव करा देंगे।
अखबारों ने ब्रिटेन की एयरलाइंस के जरिए कमर्शियल नुकसान के मद्देनजर पाकिस्तान के लिए अपने ऑपरेशन बंद किए जाने की खबरें दी हैं। अखबारों ने अयोध्या विवाद पर फैसला सुनाने वाले मुस्लिम जज अब्दुल नजीर को आंध्र प्रदेश का गवर्नर बनाए जाने की खबरें भी दी हैं। यह सभी खबरें रोजनामा पाकिस्तान, रोजनामा नवाएवक्त, रोजनामा खबरें, रोजनामा दुनिया, रोजनामा एक्सप्रेस, रोजनामा जंग और रोजनामा औसाफ आदि के पहले पन्ने पर प्रकाशित की हैं।
रोजनामा नवावक्त ने जम्मू के जिला ऊधमपुर में एक कश्मीरी युवक की पुलिस हिरासत में हिंसा से मौत होने की खबर दी है। समसुद्दीन को हिरासत में लिया गया था। इस घटना के बाद घाटी में हड़ताल का ऐलान किया गया और जगह-जगह पोस्टर लगाए गए। अखबार ने सुप्रीम कोर्ट के जरिए हदबंदी कमीशन के खिलाफ अदालत में दायर आवेदन को रद्द किए जाने की खबरें भी दी है।
रोजनामा एक्सप्रेस ने कर्नाटक में हिजाब पर पाबंदी लगाए जाने के बाद एक लाख मुस्लिम छात्राओं के जरिए सरकारी कॉलेज छोड़ने की खबर दी है। सरकारी शिक्षण संस्थानों में मुस्लिम लड़कियों के दाखिले में बड़ी हद तक कमी आने का मामला सामने आया है। अखबार ने बताया है कि कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ़ इंडिया मार्क्सवादी के नेता और राज्यसभा सदस्य ने राज्यसभा में यह मामला उठाते हुए यह जानकारी दी है।
