नई दिल्ली, । प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन के साथ टेलीफोन पर बातचीत की। उन्होंने पारस्परिक रूप से लाभप्रद एयर इंडिया और बोइंग के बीच हुए ऐतिहासिक समझौते का स्वागत किया जिससे दोनों देशों में रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
उल्लेखनीय है कि भारत की प्रमुख विमान सेवा कंपनी एयर इंडिया और अमेरिका की विमान निर्माता कंपनी बोइंग के बीच करार हुआ है जिसके तहत 34 अरब डॉलर वाले 220 अमेरिका निर्मित विमानों की खरीद की जाएगी। अमेरिकी राष्ट्रपति ने इस संबंध में आज हुए समझौते को ऐतिहासिक करार दिया। नागरिक उड्डयन इतिहास में इसे अब तक का एक बड़ा समझौता माना जा रहा है।
प्रधानमंत्री मोदी ने बोइंग और अन्य अमेरिकी कंपनियों को भारत के नागरिक उड्डयन क्षेत्र में आए बूम का लाभ उठाने के लिए आमंत्रित किया।
इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति बाइडेन ने भारत-अमेरिकी व्यापक वैश्विक रणनीतिक साझेदारी पर संतोष व्यक्त किया जिसके चलते सभी क्षेत्रों में मजबूत भागीदारी बनी है।
दोनों नेताओं ने हाल ही में वाशिंगटन डीसी में क्रिटिकल एंड इमर्जिंग टेक्नोलॉजीज (आईसीईटी) पहल की पहली बैठक का स्वागत किया और अंतरिक्ष, सेमी-कंडक्टर, आपूर्ति श्रृंखला, रक्षा सह-उत्पादन में द्विपक्षीय सहयोग को मजबूत करने की दृढ़ इच्छा व्यक्त की।
दोनों नेताओं ने भारत में होने वाली जी20 भारत की अध्यक्षता में होने वाली बैठकों की सफलता के लिए निरंतर संपर्क में रहने पर सहमति व्यक्त की।
