कोलकाता, 22 अगस्त। ‘वंदे मातरम’ को लेकर कांग्रेस और भाजपा के बीच जारी सियासी घमासान के बीच पश्चिम बंगाल भाजपा अध्यक्ष शमीक भट्टाचार्य ने अभिनेत्री शर्मिला टैगाेर पर तीखा हमला बोला है। शर्मिला टैगाेर ने हाल ही में कहा था कि धार्मिक रूप से विविधता वाले देश में ‘वंदे मातरम’ के पूरे गीत को लेकर कुछ समुदायों के लोगों को आपत्ति हो सकती है। उनके इस बयान पर भाजपा ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है।
शमीक भट्टाचार्य ने शनिवार को मीडिया से बातचीत में कहा कि शर्मिला टैगाेर अपनी निजी राय रखने के लिए स्वतंत्र हैं, लेकिन उन्हें इतिहास और अपने परिवार के संदर्भ में भी बात करनी चाहिए। उन्होंने कहा, “शर्मिला टैगाेर को भी भारतीय जनता पार्टी याद दिलाना चाहती है कि जिस तैमूर ने भारत पर आक्रमण किया, मंदिरों को नष्ट किया, लोगों की हत्या और जबरन धर्म परिवर्तन कराया, उसी नाम पर उनके घर में भी एक नाम है। उनके नाती का नाम तैमूर अली खान है। इसलिए वंदे मातरम पर वह जितना कम बोलें, उतना ही मंगल होगा।”
दरअसल, ‘वंदे मातरम’ के पूरे गीत को लेकर भाजपा और कांग्रेस के बीच विवाद तेज है। भाजपा का तर्क है कि गीत के केवल पहले दो अंतरों तक सीमित रहने के बजाय पूरा गीत गाया जाना चाहिए। इसी मुद्दे पर पार्टी की ओर से नए कानून की बात भी कही गई है।
शर्मिला टैगाेर ने इस पर कहा था कि देश में ऐसे लोग भी हैं जो एकेश्वरवाद में विश्वास करते हैं और देवी-देवताओं की पूजा नहीं करते। उनके मुताबिक, गीत की कुछ पंक्तियां ऐसे लोगों के लिए असहज हो सकती हैं। उन्होंने कहा था कि गीत के शुरुआती दो अंतरे मातृभूमि के प्रति सम्मान और प्रेम की भावना व्यक्त करते हैं और उन्हें व्यापक रूप से स्वीकार किया जा सकता है।
शर्मिला के बयान के बाद भाजपा नेताओं की ओर से लगातार प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। इससे पहले अभिनेत्री और भाजपा सांसद कंगना रनौत ने भी उनके बयान पर निशाना साधा था। अब शमीक भट्टाचार्य की टिप्पणी ने इस राजनीतिक विवाद को और तीखा कर दिया है।
शर्मिला टैगाेर के नाती तैमूर अली खान के नाम को लेकर पहले भी कई बार विवाद हो चुका है। सैफ अली खान और करीना कपूर के बड़े बेटे के जन्म के बाद उनके नाम को लेकर सोशल मीडिया पर काफी बहस हुई थी। हालांकि करीना कपूर ने बताया था कि ‘तैमूर’ का अर्थ ‘लोहा’ होता है और उन्होंने बेटे का नाम मजबूती और दृढ़ता के प्रतीक के तौर पर रखा था। अब वर्षों पुराने इसी नाम विवाद को शमीक भट्टाचार्य ने ‘वंदे मातरम’ की बहस के बीच फिर उठा दिया है।
