भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने आज छत्तीसगढ़, बिहार, ओडिशा और पूर्वी मध्य प्रदेश में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश की आशंका को देखते हुए ऑरेंज कलर की चेतावनी जारी की है।
मौसम विज्ञान विभाग ने अगले दो से तीन दिनों तक तटीय आंध्र प्रदेश, तटीय कर्नाटक, पूर्वी उत्तर प्रदेश, गंगा के मैदानी पश्चिम बंगाल, झारखंड, केरल, माहे, मध्य महाराष्ट्र और दक्षिणी आंतरिक कर्नाटक में कुछ स्थानों पर भारी वर्षा की संभावना जताई है। इसी अवधि के दौरान तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, तेलंगाना, उत्तराखंड, विदर्भ, पश्चिमी मध्य प्रदेश और उत्तर पूर्वी क्षेत्र में भी इसी प्रकार की मौसम स्थिति रहने की संभावना है।
मौसम विभाग ने आज अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, आंतरिक कर्नाटक, तटीय कर्नाटक, लक्षद्वीप, पूर्वी राजस्थान, मध्य प्रदेश, मराठवाड़ा, उप हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में बिजली और तेज हवाओं के साथ गरज के साथ बारिश होने की भविष्यवाणी की है।
