भारत ने संयुक्त राष्ट्र की नस्लीय भेदभाव उन्मूलन समिति की रिपोर्ट में किए गए संदर्भों को राजनीतिक रूप से प्रेरित और अत्यधिक दुर्भावनापूर्ण बताते हुए खारिज कर दिया है।
नस्लीय भेदभाव उन्मूलन पर अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन (ICERD) के तहत भारत की 11वीं आवधिक समीक्षा के बाद समिति की रिपोर्ट पर मीडिया के सवालों के जवाब में, विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि भारत ने एक नियमित संधि-निकाय समीक्षा के रूप में रचनात्मक जुड़ाव की भावना से भाग लिया।
प्रवक्ता ने कहा कि 1960 के दशक में ICERD पर बातचीत और मसौदा तैयार करने में अग्रणी भूमिका निभाने वाले देश के रूप में, नस्लीय भेदभाव से लड़ने के लिए भारत की प्रतिबद्धता अटूट बनी हुई है। समीक्षा के दौरान, भारत ने अपने संवैधानिक सुरक्षा उपायों, मजबूत कानूनी ढांचे, बहुलवाद और वंचित समुदायों की सुरक्षा के लिए किए जा रहे निरंतर प्रयासों पर प्रकाश डाला।
उन्होंने आगे बताया कि सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता के नेतृत्व में अंतर-मंत्रालयी प्रतिनिधिमंडल ने समीक्षा बैठक के दौरान व्यापक सामान्यीकरण, निराधार आरोपों और सम्मेलन के अधिकार क्षेत्र से बाहर जाने की प्रवृत्ति को पहले ही खारिज कर दिया था। उन्होंने यह भी बताया कि जिनेवा स्थित भारतीय मिशन ने सीईआरडी समीक्षा के बाद एक विस्तृत प्रेस विज्ञप्ति जारी की थी।
