बाढ़ प्रभावित नेपाली इलाकों में फंसे लोगों की खोज और बचाव कार्य में सहायता के लिए भारत से 11 सदस्यीय तकनीकी दल ने कल जलविद्युत सुरंगों का मौके पर जाकर जायजा लिया। डॉक्टरों, पैरामेडिक्स और सुरंग इंजीनियरों से बना यह दल शुक्रवार को काठमांडू पहुंचा था।
कल वे नुवाकोट जिले के त्रिशुली पहुंचे, जहां उन्होंने एक जलविद्युत परियोजना से संबंधित सुरंग में फंसे श्रमिकों को बचाने के प्रयासों में सहायता की। राष्ट्रीय आपदा जोखिम न्यूनीकरण एवं प्रबंधन प्राधिकरण के अनुसार, चिलिमे और लांगटांग क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण पूरा करने के बाद, भारतीय टीम ने सुरंग क्षेत्र के आसपास बचाव कार्य शुरू किया।
नेपाल सेना, सशस्त्र पुलिस बल और नेपाल पुलिस कर्मियों सहित 82 सदस्यीय संयुक्त सुरक्षा दल कल रात से ही मलबे को हटाने और सुरंग के अंदर फंसे लोगों तक पहुंचने के लिए काम कर रहा है।
नेपाल सेना के अनुसार, नेपाली सुरक्षा बलों ने अब तक देश की विभिन्न जलविद्युत परियोजनाओं में सुरंगों से 191 श्रमिकों को बचाया है। हालांकि, सुरंगों में और अधिक लोगों के फंसे होने की खबरों के चलते नेपाली अधिकारियों ने भारत से सहायता मांगी है।
