नेपाल और तिब्बत में अचानक आई भीषण बाढ़ से अब तक 1,282 लोगों की मत्यु हो गई है। नेपाल पुलिस के अनुसार चितवन में सबसे अधिक 359 लोगों की मौतें हुई हैं। इसके बाद नवलपरासी पूर्व में 218, नवलपरासी पश्चिम में 208, नुवाकोट में 185, रसुवा में 140, गोरखा में 72, धाडिंग में 60 और तनहु में 38 लोगों की मृत्यु हुई है। काठमांडू के अस्पतालों में इलाज के दौरान दो और लोगों की मौत हुई।
राष्ट्रीय आपदा जोखिम न्यूनीकरण और प्रबंधन प्राधिकरण के अनुसार, कल शाम तक 5,053 लोग लापता थे। पीड़ितों की पहचान के लिए नेपाल में डीएनए जांच भी शुरू कर दी गई है।
इस बीच, एक बचाव अभियान में त्रिशूली-3ए जलविद्युत परियोजना की सुरंग से दो लोगों को जीवित बचाया गया। ये लोग भोटेकोशी नदी में आई अचानक बाढ़ के बाद 10 दिनों से सुरंग में फंसे हुए थे। नेपाल सेना के जनसंपर्क निदेशालय के अनुसार, सुरंग के अंदर से आवाजें सुनाई देने और फंसे लोगों से संपर्क होने के बाद बचाव अभियान तेज किया गया। आपातकालीन दल ने अब तक 12 हजार से अधिक लोगों को बचाया है।
26 अगस्त को नेपाल-तिब्बत सीमा के पास बर्फ और चट्टानों के हिमस्खलन के कारण अचानक बाढ़ आई थी। इससे उत्तरी और मध्य नेपाल के कई कस्बों और गांवों में भारी तबाही हुई।
