दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सीमा शुल्क अधिकारियों ने दो यात्रियों के पास से 484 चांदी के सिक्के और एक सोने का सिक्का जब्त किया है। इनमें 134 चांदी के सिक्के पुरातात्विक महत्व के हैं। आधिकारिक बयान के अनुसार दोनों यात्रियों को दो सितंबर को दोहा से दिल्ली पहुंचने के बाद कस्टम्स अधिकारियों ने रोका। उनके सामान की जांच के दौरान कुल 20 दशमलव 883 किलोग्राम वजन के सोने और चांदी के सिक्के बरामद किए गए। सीमा शुल्क अधिनियम, 1962 की धारा 110 के तहत सिक्कों को जब्त कर लिया गया है। मामले में आगे की जांच जारी है।
