सनी देओल और प्रीति जिंटा की फिल्म ‘बंटवारा 1947’ पिछले महीने सिनेमाघरों में रिलीज होने के बाद दर्शकों की उम्मीदों पर खरी नहीं उतर सकी और बॉक्स ऑफिस पर निराशाजनक प्रदर्शन किया। फिल्म ने दुनियाभर में करीब 50 करोड़ रुपये का कारोबार किया। ‘भैयाजी सुपरहिट’ (2018) के बाद इस फिल्म के जरिए प्रीति जिंटा ने बॉलीवुड में वापसी की थी। अब फिल्म के प्रदर्शन पर पहली बार प्रतिक्रिया देते हुए अभिनेत्री ने कहा है कि उन्हें इस प्रोजेक्ट पर गर्व है।
दिए इंटरव्यू में प्रीति ने कहा कि किसी फिल्म में काम करते समय उनका पूरा ध्यान अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन देने पर रहता है। उनके मुताबिक, फिल्म रिलीज होने के बाद उसके बॉक्स ऑफिस प्रदर्शन को लेकर वह ज्यादा नहीं सोचतीं। अभिनेत्री ने कहा, “मुझे इस फिल्म पर बहुत गर्व है और यह मेरे लिए बेहद शानदार अनुभव रहा। एक अभिनेत्री के तौर पर मैं हमेशा उम्मीदों को ध्यान में रखती हूं, लेकिन काम शुरू करने के बाद अपना 100 प्रतिशत देने पर ध्यान देती हूं।”
प्रीति ने आगे कहा कि वह कर्म में विश्वास करती हैं और इंसान को अपना काम पूरी ईमानदारी से करना चाहिए, जबकि अंतिम परिणाम भगवान पर छोड़ देना चाहिए। उन्होंने कहा कि किसी फिल्म के नतीजे को पूरी तरह नियंत्रित नहीं किया जा सकता, इसलिए हर प्रोजेक्ट में पूरी मेहनत करना ही जरूरी है। राजकुमार संतोषी के निर्देशन में बनी ‘बंटवारा 1947’ भारत-पाकिस्तान विभाजन की पृष्ठभूमि पर आधारित है। आमिर खान प्रोडक्शन के बैनर तले बनी इस फिल्म में शबाना आजमी, अली फजल और करण देओल भी अहम भूमिकाओं में हैं।
