प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज दोपहर नई दिल्ली में रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे। दोनों नेताओं के बीच आपसी हित के मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है। बैठक के दौरान यूक्रेन-रूस संघर्ष, पश्चिम एशिया संकट, व्यापारिक संबंध और ऊर्जा सहयोग जैसे मुद्दों पर चर्चा हो सकती है। राष्ट्रपति पुतिन ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में शामिल होने के लिए आज सुबह भारत पहुंचे।
प्रधानमंत्री मोदी आज शाम ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेज़ेश्कियान के साथ भी बातचीत करेंगे। ईरान के राष्ट्रपति आज दोपहर नई दिल्ली पहुंचेंगे। पश्चिम एशिया में मौजूदा हालात को देखते हुए यह बैठक बेहद महत्वपूर्ण है। दोनों नेताओं के बीच क्षेत्रीय विकास के महत्वपूर्ण मुद्दों पर भी वार्ता होने की संभावना है।
प्रधानमंत्री मोदी संयुक्त राष्ट्र के महासचिव अंतोनियो गुतरस से भी मुलाकात करेंगे। श्री मोदी ने आज सोशल मीडिया पोस्ट में बताया कि अगले कुछ दिनों में विश्व के नेता ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के लिए इकट्ठा होंगे। श्री मोदी ने विश्वास व्यक्त किया कि इस शिखर सम्मेलन में वैश्विक कल्याण के लिए विभिन्न मुद्दों पर सकारात्मक और सार्थक चर्चा होगी।
