बीजापुर, 18 सितंबर। जिले में स्मार्ट मीटर लगाए जाने के बाद जिला मुख्यालय के अलावा भोपालपटनम, भैरमगढ़ और आवापल्ली क्षेत्र से भी बढ़े हुए बिजली बिल की शिकायतें सामने आ रही हैं। आवापल्ली क्षेत्र में महिला उपभोक्ता चमप्पा गुलधर के घरेलू बिजली कनेक्शन का बिल करीब 50 हजार रुपये आने का मामला सामने आया है।
ग्रामीणों का कहना है कि जिन घरों में पहले 200 से 300 रुपये तक बिजली बिल आता था, वहां अब 4 से 5 हजार रुपये तक बिल पहुंच रहा है। वहीं 500 से 1000 रुपये तक आने वाला मासिक बिल भी कई उपभोक्ताओं के लिए हजारों रुपये तक पहुंच गया है। आवापल्ली क्षेत्र में महिला उपभोक्ता चमप्पा गुलधर के घरेलू बिजली कनेक्शन का बिल करीब 50 हजार रुपये आने का मामला सामने आया है।
महिला उपभोक्ता चमप्पा गुलधर के अनुसार उनके घर में सामान्य घरेलू उपयोग के अलावा बिजली की खपत करने वाला कोई बड़ा उपकरण या साधन नहीं है। इसके बावजूद इतनी अधिक राशि का बिल आने से परिवार परेशान है। महिला ने बताया कि बिल की राशि में से लगभग 30 हजार रुपये जमा करने के बाद भी उनका बिजली कनेक्शन काट दिया गया। मामले को लेकर महिला ने बीजापुर विधायक विक्रम शाह मंडावी से मुलाकात कर अपनी समस्या बताई। विधायक ने बिजली विभाग के अधिकारी से फोन पर चर्चा कर मामले की जांच कराने तथा मीटर की रीडिंग की जांच कर वास्तविक खपत के आधार पर सही बिजली बिल जारी करने के निर्देश दिए।
ग्रामीणों का कहना है कि यह समस्या केवल एक उपभोक्ता तक सीमित नहीं है। कई घरों और दुकानों में स्मार्ट मीटर लगने के बाद अपेक्षाकृत अधिक बिल आने की शिकायतें सामने आ रही हैं। इससे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों पर अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है। उपभोक्ताओं ने बिजली विभाग से बढ़े हुए बिलों की जांच कराने, मीटर की रीडिंग और खपत का सत्यापन करने तथा गलत बिलों में सुधार की मांग की है। ग्रामीण स्मार्ट मीटर की व्यवस्था पर भी सवाल उठा रहे हैं और पूर्व की व्यवस्था वाले मीटर दोबारा लगाए जाने की मांग कर रहे हैं। उनका कहना है कि बिजली विभाग को शिकायतों का शीघ्र निराकरण कर उपभोक्ताओं को राहत देनी चाहिए, ताकि बिल को लेकर पैदा हो रही नाराजगी दूर हो सके।
