नई दिल्ली, 22 सितंबर । दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत मंगलवार को नजफगढ़ विधानसभा क्षेत्र में 25 करोड़ की लागत वाले 7 विकास कार्यों की शुरुआत की। इसके अलावा 7 अनधिकृत कॉलोनियों में 33 करोड़ की लागत वाले 10 अन्य काम पहले से ही चल रहे हैं।
इस मौके पर लोक निर्माण विभाग के मंत्री प्रवेश साहिब सिंह, दिल्ली भाजपा उपाध्यक्ष विजय सोलंकी, विधायक नीलम कृष्ण पहलवान, जिला भाजपा अध्यक्ष मुकेश मिश्रा मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 58 करोड़ के इन विकास कार्यों से नजफगढ़ की कॉलोनियों में सड़कें बेहतर होंगी, जल निकासी की व्यवस्था मजबूत होगी और बरसात के दिनों में जलभराव जैसी समस्याओं से राहत मिलेगी। बेहतर बुनियादी सुविधाओं के साथ हजारों परिवारों का रोजमर्रा का जीवन और सुगम होगा।
मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने कहा कि दिल्ली में हमारी सरकार बनने के बाद से नजफगढ़ विधानसभा क्षेत्र में कुल 843 करोड़ के विकास कार्य पूरे हो चुके हैं या विभिन्न चरणों में प्रगति पर हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने और नजफगढ़ के लोगों के दैनिक जीवन को आसान बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।
