धमतरी, 25 सितंबर । छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में लगातार हो रही बारिश के चलते प्रमुख जलाशयों में जलस्तर तेजी से बढ़ा है। 25 सितंबर की सुबह आठ बजे की स्थिति के अनुसार गंगरेल जलाशय 98.14 प्रतिशत, मुरुमसिल्ली 100 प्रतिशत, दुधावा 97.21 प्रतिशत और सोदूर जलाशय 88.18 प्रतिशत भर चुका है।
जलाशयों में लगातार बढ़ रही आवक को देखते हुए जल प्रबंधन और सुरक्षा के मद्देनजर बड़ी मात्रा में पानी नदियों में छोड़ा जा रहा है। गंगरेल जलाशय में 64,117 क्यूसेक पानी की आवक हो रही है। इसके 10 गेट खोलकर 54,950 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। इसमें रुद्री बैराज के माध्यम से 6,000 क्यूसेक पानी नहर में तथा 48,950 क्यूसेक पानी महानदी में प्रवाहित किया जा रहा है। वहीं मुरुमसिल्ली जलाशय में 7,465 क्यूसेक आवक के बीच 7,286 क्यूसेक पानी नदी में छोड़ा जा रहा है।
दुधावा जलाशय में 18,724 क्यूसेक पानी की आवक हो रही है और 16,606 क्यूसेक पानी नदी में छोड़ा जा रहा है। सोदूर जलाशय में 16,624 क्यूसेक आवक के बीच पांच गेटों से 16,402 क्यूसेक पानी नदी में छोड़ा जा रहा है। जलाशयों में पानी की आवक और जलस्तर को देखते हुए आवश्यकता पड़ने पर निकासी की मात्रा बढ़ाई जा सकती है।
