नई दिल्ली, 26 सितंबर । दिल्ली में रामलीला, दुर्गा पूजा और छठ पूजा को सौहार्दपूर्ण वातावरण में आयोजित कराने के लिए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के निर्देश पर तीन अलग-अलग विशेष समितियों का गठन किया गया है। ये समितियां संबंधित पर्वों के लिए स्थानों की समीक्षा और अंतिम रूप देने के साथ-साथ आयोजन स्थलों पर आवश्यक नागरिक सुविधाओं, सुरक्षा, यातायात, स्वच्छता, बिजली, चिकित्सा तथा अन्य व्यवस्थाओं की निगरानी और समन्वय में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।
दिल्ली में आयोजित होने वाली रामलीलाओं के लिए स्थानों और तैयारियों की समीक्षा तथा उन्हें अंतिम रूप देने के लिए गठित समिति के अध्यक्ष सरकार के समाज कल्याण, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण, सहकारिता एवं निर्वाचन मंत्री रविंद्र इंद्राज सिंह बनाए गए हैं। समिति में सदस्यों के रूप में विधायक अशोक गोयल, विधायक अनिल कुमार शर्मा, विधायक श्याम शर्मा, विधायक संजय गोयल और विधायक संदीप सहरावत शामिल किए गए हैं।
इसके अलावा सचिव, राजस्व-सह-मंडलायुक्त (डिविजनल कमिश्नर) सदस्य सचिव बनाए गए हैं। समिति का प्रमुख दायित्व संबंधित जिला मजिस्ट्रेट कार्यालय के माध्यम से सिंगल विंडो सिस्टम के तहत आवश्यक एनओसी जारी करवाना है।
इसके साथ ही रामलीला स्थलों पर पीने के पानी, चिकित्सा सहायता, एंबुलेंस सेवा, अग्निशमन सेवा, सुरक्षा, मोबाइल शौचालय, यातायात प्रबंधन, सफाई और फॉगिंग आदि की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी भी समिति के दायरे में है। समिति आयोजन स्थल पर बिजली कनेक्शन तथा निर्बाध बिजली आपूर्ति की व्यवस्था भी सुनिश्चित करेगी।
यह समिति रामलीला आयोजनों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, वोकल फॉर लोकल, स्वच्छता, जल संरक्षण, स्वदेशी, नशा मुक्त भारत अभियान तथा सार्वजनिक महत्व के अन्य विषयों से जुड़े संदेशों को बढ़ावा देने पर भी काम करेगी। इसके अतिरिक्त समिति आवश्यकता के अनुसार किसी अन्य विषय या मुद्दे को भी अपने कार्यक्षेत्र में शामिल कर सकती है।
दुर्गा पूजा के लिए विभिन्न स्थानों और तैयारियों की समीक्षा तथा उन्हें अंतिम रूप देने के लिए गठित समिति की अध्यक्षता दिल्ली सरकार के कानून एवं न्याय, श्रम, रोजगार, विकास, कला एवं संस्कृति भाषा तथा पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा करेंगे। समिति में सदस्य के रूप में विधायक शिखा रॉय और नीरज बसोया के अलावा सामाजिक कार्यकर्ता अंजलि भट्टाचार्य, देवदत्त भारद्वाज, अरुण मुखर्जी शामिल किए गए हैं। सचिव, राजस्व-सह-मंडलायुक्त (डिविजनल कमिश्नर) इस समिति के सदस्य सचिव होंगे। दुर्गा पूजा समिति के प्रमुख कार्यों में संबंधित जिला मजिस्ट्रेट कार्यालय से सिंगल विंडो सिस्टम के तहत एनओसी जारी करवाने के साथ पूजा स्थलों पर पीने के पानी, चिकित्सा सहायता, एंबुलेंस सेवा, मोबाइल शौचालय,अग्निशमन सेवा, सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, सफाई और फॉगिंग की पर्याप्त व्यवस्था आदि सुनिश्चित करेगी। आयोजन स्थल पर बिजली कनेक्शन और निर्बाध बिजली आपूर्ति की व्यवस्था भी समिति के दायरे में होगी।
समिति पूजा आयोजनों के माध्यम से पर्यावरण, वोकल फॉर लोकल, स्वच्छता, जल संरक्षण, स्वदेशी, नशा मुक्त भारत अभियान तथा सार्वजनिक महत्व के अन्य विषयों पर जागरूकता संदेशों को बढ़ावा देगी। विशेष रूप से दुर्गा पूजा के दौरान मूर्तियों के विसर्जन के लिए कृत्रिम/अस्थायी तालाब या टैंक की व्यवस्था करना तथा विसर्जन के बाद बचे अवशेषों की सफाई सुनिश्चित करना भी समिति की जिम्मेदारी होगी। इसके अतिरिक्त समिति आवश्यकता के अनुसार किसी अन्य विषय या मुद्दे को भी अपने कार्यक्षेत्र में शामिल कर सकती है।
छठ पूजा पर्व के लिए दिल्ली में स्थानों और तैयारियों की समीक्षा तथा उन्हें अंतिम रूप देने के लिए गठित समिति की अध्यक्षता कानून एवं न्याय, श्रम, रोजगार, विकास, कला एवं संस्कृति भाषा तथा पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा करेंगे। समिति में सदस्य के रूप में विधायक अभय कुमार वर्मा, विधायक चंदन कुमार चौधरी, विधायक संदीप सहरावत, विधायक दीपक चौधरी सहित सामाजिक कार्यकर्ता संतोष ओझा कार्य करेंगे, जबकि सचिव, राजस्व-सह-मंडलायुक्त (डिविजनल कमिश्नर) इसके सदस्य सचिव होंगे।
छठ पूजा समिति संबंधित जिला मजिस्ट्रेट कार्यालय से सिंगल विंडो सिस्टम के तहत एनओसी जारी करवाने के साथ आयोजन स्थलों पर पीने के पानी, चिकित्सा सहायता, एंबुलेंस सेवा, अग्निशमन सेवा, मोबाइल शौचालय, सुरक्षा और यातायात प्रबंधन, सफाई एवं फॉगिंग आदि की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करेगी। घाटों और आयोजन स्थलों पर बिजली कनेक्शन तथा निर्बाध बिजली आपूर्ति भी समिति के कार्यक्षेत्र में होगी। इसके अलावा समिति पर्यावरण संरक्षण, वोकल फॉर लोकल, स्वच्छता, जल संरक्षण, स्वदेशी, नशा मुक्त भारत अभियान तथा सार्वजनिक महत्व के अन्य विषयों से संबंधित संदेशों को बढ़ावा देगी। इसके अतिरिक्त समिति आवश्यकता के अनुसार किसी अन्य विषय या मुद्दे को भी अपने कार्यक्षेत्र में शामिल कर सकती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि रामलीला, दुर्गा पूजा और छठ पूजा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि दिल्ली की सामाजिक और सांस्कृतिक विविधता को जोड़ने वाले आस्था के महत्वपूर्ण पर्व हैं। इन पर्वों से लाखों लोगों की श्रद्धा और भावनाएं जुड़ी हैं। सरकार का प्रयास है कि श्रद्धालु पूरी श्रद्धा, भक्ति और आत्मीयता के साथ अपने पर्व मना सकें और उन्हें आयोजन स्थलों पर किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
