विकासखंड रामानुजनगर के शासकीय प्राथमिक शाला उरांवपारा, मदेंश्वरपुर में विकसित किचन गार्डन बच्चों को ताजी हरी सब्जियां उपलब्ध कराने में सहायक बन रहा है। कलेक्टर श्रीमती रेना जमील एवं जिला मिशन समन्वयक श्री मनोज साहू के मार्गदर्शन में विद्यालय परिसर में मौसमी सब्जियां उगाई जा रही हैं। इन सब्जियों को बच्चों के भोजन में शामिल किया जा रहा है।
विद्यालय परिसर में उपलब्ध स्थान का उपयोग बच्चों के पोषण और सीखने की गतिविधियों के लिए करने की सोच से किचन गार्डन की अवधारणा को आगे बढ़ाया गया। इसके तहत विद्यालय में मौसमी सब्जियां उगाने की व्यवस्था की गई, ताकि बच्चों के भोजन के लिए स्थानीय स्तर पर ताजी सब्जियां उपलब्ध हों। साथ ही विद्यार्थी पौधों की देखभाल, सब्जियों के उत्पादन और पौष्टिक आहार के महत्व को प्रत्यक्ष रूप से समझ सकें।
विद्यालय प्रबंधन के अनुसार, किचन गार्डन में सब्जियों के उत्पादन के लिए कीटनाशकों या रासायनिक दवाओं का छिड़काव नहीं किया जा रहा है। यहां तैयार सब्जियों का बच्चों के भोजन में उपयोग हो रहा है। किचन गार्डन के विकास एवं देखरेख में प्रधान पाठक श्री संजय कुमार साहू तथा शिक्षक श्री रामकृपाल साहू, श्रीमती शोभारानी किस्पोट्टा और श्रीमती अनीमा बेक का सहयोग रहा है जिनके माध्यम से विद्यालय परिसर में किचन गार्डन बच्चों के पोषण एवं प्राकृतिक खेती के प्रति जागरूकता बढ़ाने का उदाहरण प्रस्तुत कर रही है।
