भारत और इटली ने पर्यटन क्षेत्र में द्विपक्षीय सहयोग को मजबूत करने के लिए विशेष तकनीकी समूह बनाने पर सहमति जताई है। दोनों देशों के बीच सहयोग के चिन्हित क्षेत्रों को आगे बढ़ाने और संबंधित पक्षों के बीच लगातार संवाद बनाए रखने के लिए संपर्क अधिकारी भी नियुक्त किए जाएंगे।
भारत-इटली पर्यटन पर संयुक्त कार्य समूह (JWG) की दूसरी बैठक मंगलवार को नई दिल्ली में हुई। इसकी सह-अध्यक्षता केंद्रीय पर्यटन सचिव भुवनेश कुमार और इटली के पर्यटन मंत्रालय की महासचिव इमानुएला त्रिपी ने की।
बैठक में दोनों देशों के बीच पर्यटन सहयोग बढ़ाने के कई क्षेत्रों पर चर्चा हुई। इनमें पर्यटन से जुड़े आंकड़ों का आदान-प्रदान, कम चर्चित पर्यटन स्थलों को बढ़ावा देना, सिने-पर्यटन, पर्यटन स्थलों की साझेदारी, कौशल विकास और क्षमता निर्माण तथा कारोबारियों के बीच सहयोग बढ़ाना शामिल है।
पर्यटन मंत्रालय के अनुसार, बैठक में दोनों पक्षों ने इन क्षेत्रों में काम को आगे बढ़ाने के लिए विशेष तकनीकी समूह गठित करने और संबंधित अधिकारियों को संपर्क बिंदु के रूप में नामित करने पर सहमति जताई। इससे पर्यटन क्षेत्र से जुड़े हितधारकों के बीच लगातार सहयोग और संवाद को बढ़ावा मिलेगा।
बैठक में प्रस्तावित भारत-इटली संस्कृति और पर्यटन वर्ष 2027 के संदर्भ में भी सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा हुई। इसका उद्देश्य दोनों देशों के बीच सांस्कृतिक और पर्यटन आदान-प्रदान को और मजबूत करना है।
संयुक्त कार्य समूह की बैठक में भारत और इटली ने पर्यटन क्षेत्र में द्विपक्षीय सहयोग को और गहरा करने तथा दोनों देशों के बीच संस्थागत और उद्योग स्तर के संबंधों को मजबूत बनाने की प्रतिबद्धता दोहराई।
भारतीय पक्ष की ओर से पर्यटन मंत्रालय, विदेश मंत्रालय, रोम स्थित भारतीय दूतावास और इंडियन एसोसिएशन ऑफ टूर ऑपरेटर्स (IATO) के प्रतिनिधि बैठक में शामिल हुए। इटली के प्रतिनिधिमंडल में उसके पर्यटन मंत्रालय, विदेश मंत्रालय एवं अंतरराष्ट्रीय सहयोग मंत्रालय, नई दिल्ली स्थित इटली के दूतावास और इटालियन नेशनल टूरिज्म बोर्ड (ENIT) के वरिष्ठ अधिकारी शामिल रहे।
