नई दिल्ली, 02 अक्टूबर । केन्द्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ वीरेंद्र कुमार ने शुक्रवार को कहा कि सभी लोग धरती माता को स्वच्छ और स्वस्थ रखने में अपना योगदान दें।
डॉ वीरेन्द्र कुमार ने यह बात आज दिल्ली स्थित बाबू जगजीवन राम राष्ट्रीय फाउंडेशन (बीजेआरएनएफ) में स्वच्छता ही सेवा 2026 अभियान के तहत आयोजित ‘एक पेड़ मां के नाम’ वृक्षारोपण अभियान के दौरान कही। अभियान का मुख्य उद्देश्य स्वच्छ और हरित पर्यावरण को बढ़ावा देना है।
धरती माता द्वारा प्रकृति के पालन-पोषण और माताओं द्वारा मानव जीवन के पालन-पोषण के बीच समानता बताते हुए पर्यावरण की रक्षा और पोषण के महत्व पर जोर देते हुए डॉ. कुमार ने कहा, “सभी लोग धरती माता को स्वच्छ और स्वस्थ रखने में अपना योगदान दें और पर्यावरण संरक्षण के लिए सामूहिक प्रयास आने वाली पीढ़ियों के लिए एक स्वस्थ और अधिक टिकाऊ वातावरण बनाने में मदद करें। उन्होंने अधिकारियों और प्रतिभागियों को स्वच्छ और हरित पर्यावरण के लिए योगदान देने की शपथ भी दिलाई।”
मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि वृक्षारोपण अभियान सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय की स्वच्छता ही सेवा 2026 के उद्देश्यों और स्वच्छ भारत और विकसित भारत की व्यापक दृष्टि के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि यह पहल शहरी हरित क्षेत्रों के पोषण और पर्यावरण संरक्षण में सामूहिक भागीदारी को प्रोत्साहित करने के महत्व को भी उजागर करती है। ‘ एक पेड़ मां के नाम’ वृक्षारोपण गतिविधि पर्यावरणीय जिम्मेदारी और सतत विकास के संदेश को सुदृढ़ करती है, साथ ही नागरिकों और संस्थानों को स्वच्छ, हरित और स्वस्थ भारत के निर्माण में योगदान देने के लिए प्रोत्साहित करती है।
इस मौके पर सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री बी.एल. वर्मा फाउंडेशन, मंत्रालय और बीजेआरएनएफ के अधिकारियों सहित अन्य लोग मौजूद रहो। इस अवसर पर डॉ. वीरेंद्र कुमार और बी.एल. वर्मा ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के जंयती के अवसर पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। साथ ही, अन्य लोगों ने बाबू जगजीवन राम को भी श्रद्धांजलि दी।
