निर्वाचन आयोग ने अगले वर्ष पहली जनवरी को पात्रता के आधार पर 14 राज्यों और तीन केंद्र शासित प्रदेशों में मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण का आदेश दिया है। इनमें अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, असम, बिहार, छत्तीसगढ़, गोवा, गुजरात, केरलम, लक्षद्वीप, मध्य प्रदेश, मणिपुर, पुडुचेरी, पंजाब, राजस्थान, तमिलनाडु, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और पश्चिम बंगाल शामिल हैं।
आयोग के अनुसार, मतदाता सूची का प्रारूप इस वर्ष 12 नवंबर को प्रकाशित किया जाएगा, जबकि अंतिम सूची अगले वर्ष 4 जनवरी को जारी होगी। पात्र नागरिक अगले महीने की 12 तारीख से 11 दिसंबर तक दावे और आपत्तियां दर्ज करा सकेंगे। आयोग ने बताया कि पहली अप्रैल, पहली जुलाई या पहली अक्तूबर 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए अग्रिम आवेदन कर सकते हैं। मतदाताओं के पंजीकरण में सहायता के लिए जिला स्तर पर सहायता केंद्र भी स्थापित किए जाएंगे। इन केंद्रों के माध्यम से विशेष रूप से प्रवासी, कमजोर और वंचित वर्गों के लोगों को मदद दी जाएगी।
