रायपुर, 29 अक्टूबर । आगामी त्योहारी सीजन में राजधानी की यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए रायपुर यातायात पुलिस ने अव्यवस्थित पार्किंग के खिलाफ विशेष अभियान शुरू किया है।
अभियान के तहत एक ही दिन में नो-पार्किंग नियमों का उल्लंघन करने वाले 527 वाहनों के विरुद्ध ई-चालानी कार्रवाई की गई। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान लगातार जारी रहेगा।
पुलिस उपायुक्त यातायात एवं प्रोटोकॉल डॉ. अर्चना झा के निर्देशन में शहर के प्रमुख बाजारों, व्यावसायिक क्षेत्रों और व्यस्त मार्गों पर कार्रवाई की जा रही है। इसका उद्देश्य त्योहारी खरीदारी के दौरान बढ़ने वाली भीड़ और वाहनों के दबाव के बीच आम नागरिकों को सुगम एवं सुरक्षित आवागमन उपलब्ध कराना है।
यातायात पुलिस की टीमें पुरानी बस्ती, मालवीय रोड, रायपुरा बाजार, महोबा बाजार, शारदा चौक, पचपेड़ी नाका, पंडरी कपड़ा मार्केट, तेलीबांधा बाजार, तेलघानी नाका सहित अन्य प्रमुख क्षेत्रों में निगरानी रख रही हैं। आईटीएमए प्रणाली के माध्यम से पीओएस मशीनों का उपयोग कर नो-पार्किंग उल्लंघन के मामलों में ई-चालान जारी किए जा रहे हैं।
पुलिस द्वारा मुख्य मार्गों पर वाहन खड़े कर यातायात बाधित करने, बीच सड़क पर बस रोककर सवारी चढ़ाने-उतारने तथा सर्विस रोड पर ट्रक और भारी वाहन खड़े करने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की जा रही है। अव्यवस्थित पार्किंग से जाम की स्थिति बनने पर संबंधित वाहन चालकों पर नियमानुसार कार्रवाई होगी।
यातायात पुलिस ने वाहन चालकों, व्यापारियों, बस संचालकों और भारी वाहन चालकों से निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करने की अपील की है। साथ ही नो-पार्किंग क्षेत्रों और मुख्य मार्गों पर वाहन खड़ा नहीं करने की हिदायत दी है। पुलिस के अनुसार, अभियान का उद्देश्य शहर में यातायात को निर्बाध बनाए रखना और नागरिकों की परेशानी कम करना है।
