November 1, 2026

Blog

Spread the love

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आज यानी 1 नवंबर को होने वाली विपक्षी INDIA गठबंधन की महारैली को देखते हुए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। दिल्ली पुलिस ने रामलीला मैदान और उसके आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत कर दी है। पूरे आयोजन स्थल को 14 सुरक्षा जोन में बांटा गया है, जबकि 4 हजार से अधिक पुलिसकर्मियों और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों की कंपनियों को तैनात किया गया है। इसके अलावा 200 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों के जरिए पूरे क्षेत्र पर नजर रखी जा रही है। पुलिस का उद्देश्य रैली के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखना, भीड़ को नियंत्रित करना और किसी भी अप्रिय स्थिति को रोकना है

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, रामलीला मैदान के प्रत्येक जोन की जिम्मेदारी सहायक पुलिस आयुक्त यानी एसीपी स्तर के अधिकारी को सौंपी गई है। वहीं दो जोन की निगरानी अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त स्तर के अधिकारी करेंगे। सुरक्षा व्यवस्था केवल रामलीला मैदान तक सीमित नहीं है, बल्कि मिंटो ब्रिज से रामलीला मैदान तक आने वाले मार्गों पर भी पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। दिल्ली पुलिस के अलग-अलग जिलों के जवानों के साथ केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल के कर्मी भी सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग करेंगे। दिल्ली पुलिस आयुक्त अनुराग कुमार और वरिष्ठ अधिकारियों ने शनिवार को मिंटो रोड तथा रामलीला मैदान पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया था।

पुलिस के अनुमान के मुताबिक, रामलीला मैदान में सामान्य परिस्थितियों में लगभग 45 से 50 हजार लोगों के बैठने की क्षमता है। हालांकि कुर्सियों, बैरिकेडिंग और अलग-अलग हिस्सों में बनाए गए प्रवेश मार्गों के कारण रैली के दौरान करीब 30 से 40 हजार लोगों को सुरक्षित रूप से समायोजित किया जा सकेगा। मैदान के बाहर भी अतिरिक्त भीड़ के लिए स्थान निर्धारित किए गए हैं, ताकि अंदर अत्यधिक भीड़ जमा न हो और भगदड़ जैसी स्थिति से बचा जा सके। यातायात व्यवस्था संभालने के लिए करीब 150 अतिरिक्त यातायात पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। आसपास के अस्पतालों तक एंबुलेंस की निर्बाध आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए भी विशेष व्यवस्था की गई है