ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी और नेता प्रतिपक्ष नवीन पटनायक ने चक्रवात ‘अर्नब’ और उसके बाद राज्य के कई हिस्सों में आई बाढ़ से हुए नुकसान तथा प्रभावित लोगों की परेशानियों को देखते हुए शनिवार को इस साल दिवाली नहीं मनाने का फैसला किया।
मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) ने एक बयान में कहा कि माझी के आवास पर दिवाली समारोह रद्द कर दिया गया है। उसने कहा कि मुख्यमंत्री ने लोगों से इस मौके पर उपहार या गुलदस्ते नहीं लाने का भी अनुरोध किया है।
मुख्यमंत्री कार्यालय ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘मुख्यमंत्री ने लोगों से अपील की है कि वे आपदा प्रभावित इलाकों के लोगों की परेशानियों के प्रति संवेदनशील रहें और उनकी मदद के लिए आगे आएं।’’
नेता प्रतिपक्ष के कार्यालय ने बताया कि बीजू जनता दल (बीजद) के अध्यक्ष नवीन पटनायक ने गंजाम, गजपति और कंधमाल जिलों में बाढ़ से प्रभावित लोगों के प्रति एकजुटता जताते हुए दिवाली नहीं मनाने का फैसला किया है।
कार्यालय ने एक बयान में कहा, ‘‘पटनायक ने कहा कि चक्रवात के कारण आई बाढ़ से गंजाम और गजपति जिलों में अप्रत्याशित नुकसान हुआ है। वहां के लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इसके अलावा भूस्खलन के कारण मलबे में दबे लापता सभी लोगों को अब तक निकाला नहीं जा सका है इसलिए पटनायक ने दुख की इस घड़ी में दिवाली नहीं मनाने का फैसला किया है।’’
वहीं, इससे पहले माझी ने अक्टूबर में भारी बारिश के कारण फसलों को हुए नुकसान से प्रभावित किसानों के प्रति एकजुटता जताते हुए दुर्गा पूजा समारोहों में भी हिस्सा नहीं लिया था। वह दुर्गा पूजा पंडालों में भी नहीं गए थे।
चक्रवात ‘अर्नब’ के कारण हुई भारी बारिश और उसके बाद आई बाढ़ से राज्य के दक्षिणी जिले बुरी तरह प्रभावित हुए हैं। हजारों लोगों को अपना घर छोड़ना पड़ा है और संपत्ति एवं फसलों को व्यापक नुकसान पहुंचा है। राज्य में चक्रवात से संबंधित घटनाओं में कम से कम 11 लोगों की मौत हुई है।
