भुवनेश्वर, 16 नवंबर । उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने सोमवार को ओडिशा के कटक स्थित श्री श्री विश्वविद्यालय में नवनिर्मित आइकॉनिक टावर का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह टावर केवल एक भवन नहीं, बल्कि भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और आधुनिक शैक्षणिक आकांक्षाओं के संगम का प्रतीक है। यह ज्ञान, परंपरा और भविष्य की संभावनाओं को एक साथ जोड़ने वाली सोच का प्रतिनिधित्व करता है।
कार्यक्रम में ओडिशा के राज्यपाल ब्रज मोहन राम, मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी और श्री श्री विश्वविद्यालय के संस्थापक एवं आजीवन अध्यक्ष गुरुदेव श्री श्री रविशंकर उपस्थित थे।
समारोह को संबोधित करते हुए उपराष्ट्रपति ने कहा कि श्री श्री विश्वविद्यालय गुरुदेव श्री श्री रविशंकर की दूरदर्शी सोच का साकार रूप है। उनकी शिक्षा संबंधी अवधारणा पारंपरिक अकादमिक ज्ञान तक सीमित नहीं है, बल्कि व्यक्ति के चरित्र, चेतना और करुणा के विकास पर भी केंद्रित है। पूर्वी ज्ञान परंपरा और पश्चिमी शिक्षा पद्धति के समन्वय की भावना के साथ विश्वविद्यालय ने वर्ष 2012 में अपनी शैक्षणिक यात्रा शुरू की थी।
उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल विद्यार्थियों को अकादमिक सफलता दिलाना नहीं, बल्कि उन्हें समाज के प्रति सार्थक योगदान देने वाले और जिम्मेदार वैश्विक नागरिक के रूप में तैयार करना भी होना चाहिए।
उपराष्ट्रपति ने श्री श्री विश्वविद्यालय द्वारा स्वयं को ‘विश्व का सबसे खुशहाल परिसर’ बताए जाने पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि प्रसन्नता पूरी मानवता की आकांक्षा है और यह भारत की संस्कृति तथा परंपराओं में गहराई से समाहित है। उन्होंने विश्वविद्यालय की ओर से इन सांस्कृतिक मूल्यों को बढ़ावा देने के प्रयासों की सराहना की।
ओडिशा की स्थापत्य परंपरा की सराहना
ओडिशा की समृद्ध स्थापत्य एवं सांस्कृतिक विरासत का उल्लेख करते हुए उपराष्ट्रपति ने कहा कि राज्य की वास्तुकला केवल भौतिक संरचनाओं के निर्माण तक सीमित नहीं रही है। यहां के मंदिर कलात्मक उत्कृष्टता, वैज्ञानिक ज्ञान, आध्यात्मिकता और सांस्कृतिक निरंतरता के जीवंत प्रतीक हैं।
उन्होंने पुरी के श्रीजगन्नाथ मंदिर, भुवनेश्वर के मंदिरों और कोणार्क मंदिर की भव्यता का उल्लेख करते हुए कहा कि कलिंग स्थापत्य शैली भारतीय सभ्यता की असाधारण रचनात्मक प्रतिभा का प्रमाण है।
उन्होंने कहा कि आइकॉनिक टावर की संरचना इसी समृद्ध विरासत से प्रेरित है। इसका ऊपर की ओर उठता स्वरूप ज्ञान की नींव से प्रज्ञा और आत्मबोध की ऊंचाइयों तक मानव आकांक्षा की यात्रा का प्रतीक है।
एक दशक में उच्च शिक्षा का व्यापक विस्तार
उपराष्ट्रपति ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण का लक्ष्य देश के सामने रखा है। स्वतंत्रता के शताब्दी वर्ष में भारत को आत्मविश्वास, क्षमता और वैश्विक नेतृत्व से युक्त विकसित राष्ट्र के रूप में स्थापित करना इस संकल्प का उद्देश्य है। इस लक्ष्य को हासिल करने में शैक्षणिक संस्थानों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
देश में उच्च शिक्षा के विस्तार का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि वर्ष 2014-15 में विश्वविद्यालयों की संख्या 760 थी, जो अब बढ़कर 1,400 से अधिक हो गई है। वर्ष 2014 से पहले देश में 16 भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) थे, जिनकी संख्या अब 23 हो गई है। इसी तरह भारतीय प्रबंधन संस्थानों (आईआईएम) की संख्या 13 से बढ़कर 22 हो गई है।
उन्होंने बताया कि अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थानों (एम्स) की संख्या भी वर्ष 2014 से पहले के सात से बढ़कर अब 20 हो गई है। उच्च शिक्षण संस्थानों में विद्यार्थियों का नामांकन वर्ष 2014-15 के 3.42 करोड़ से बढ़कर 4.50 करोड़ से अधिक हो गया है।
आदिवासी विद्यार्थियों के लिए ‘स्कूल कनेक्ट’ कार्यक्रम का सुझाव
ओडिशा में आदिवासी आबादी की उल्लेखनीय संख्या को देखते हुए उपराष्ट्रपति ने राज्य के सभी सरकारी और निजी विश्वविद्यालयों से आदिवासी बच्चों के लिए ‘स्कूल कनेक्ट’ कार्यक्रम शुरू करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि आदिवासी विद्यार्थी बीच में पढ़ाई न छोड़ें और उन्हें उच्च शिक्षा प्राप्त करने के लिए प्रोत्साहित किया जाए।
राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने का आह्वान
भारत की सांस्कृतिक पहचान और राष्ट्रीय सामर्थ्य पर जोर देते हुए उपराष्ट्रपति ने कहा कि देश की संस्कृति और परंपराओं की भविष्य निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका है। भारत को इतना मजबूत और सक्षम बनना होगा कि कोई भी देश उस पर अपनी शर्तें न थोप सके। राष्ट्रीय शक्ति ही देश की स्वतंत्रता, गरिमा और हितों की रक्षा का आधार है।
विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि किसी व्यक्ति की वास्तविक ऊंचाई उसके ज्ञान की गहराई, चरित्र की मजबूती और करुणा के विस्तार से तय होती है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने विचारों और कार्यों में ‘राष्ट्र प्रथम’ के सिद्धांत को सर्वोपरि रखने तथा नशे से दूर रहने का आह्वान किया।
उपराष्ट्रपति ने विश्वविद्यालय परिवार से आइकॉनिक टावर से जुड़े आदर्शों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि ज्ञान हमारी नींव, प्रज्ञा हमारा मार्गदर्शन, नवाचार हमारा साधन, करुणा हमारी शक्ति और सेवा हमारा अंतिम उद्देश्य होना चाहिए।
उन्होंने आशा व्यक्त की कि यह टावर आने वाली पीढ़ियों तक शिक्षा का प्रकाशस्तंभ, आकांक्षाओं का स्मारक और ओडिशा की शाश्वत सांस्कृतिक चेतना का प्रतीक बना रहेगा। यह विद्यार्थियों को आत्मविश्वासी, समृद्ध, संवेदनशील और विकसित भारत के निर्माण में योगदान देने के लिए प्रेरित करेगा।
इस अवसर पर उपराष्ट्रपति ने नवनिर्मित आइकॉनिक टावर में स्थापित अत्याधुनिक तारामंडल का भी भ्रमण किया। यह तारामंडल वैज्ञानिक जिज्ञासा, खोज और नवाचार की भावना को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से तैयार किया गया है।
