नई दिल्ली, 23 नवंबर । घरेलू शेयर बाजार आज शानदार तेजी के साथ शुरुआत करने के बाद ऊपरी स्तर पर भारी मुनाफावसूली का माहौल बन जाने के कारण गिरावट का शिकार हो गया। विदेशी संस्थागत निवेशकों की मजबूत लिवाली और अमेरिकी स्टॉक फ्यूचर्स में आई तेजी के दम पर आज सुबह सेंसेक्स और निफ्टी 50 दोनों प्रमुख सूचकांकों ने जोरदार उछाल के साथ कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलने के बाद इन दोनों सूचकांकों की चाल में और तेजी आई। हालांकि, कुछ देर बाद ही बैंकिंग, फाइनेंशियल सर्विस और मेटल सेक्टर के दिग्गज शेयरों में बिकवाली का दबाव हावी हो गया। इस चौतरफा मुनाफावसूली के कारण दोनों सूचकांक अपनी शुरुआती बढ़त गंवाकर लाल निशान में फिसल गए। सुबह 10:15 बजे तक का कारोबार होने के बाद सेंसेक्स 0.63 प्रतिशत और निफ्टी 50 सूचकांक 0.74 प्रतिशत की गिरावट के साथ कारोबार कर रहे थे।
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का सेंसेक्स आज 502.26 अंक यानी 0.60 प्रतिशत की छलांग लगा कर 84,421.97 अंक के स्तर पर खुला। इसके पहले प्री-ओपनिंग सेशन में यह सूचकांक 84,687.27 अंक के स्तर तक भी पहुंचा था। कारोबार की शुरुआत होते ही खरीदारी के सपोर्ट से ये सूचकांक उछल कर 84,662.96 अंक के स्तर पर पहुंचा। हालांकि सेंसेक्स की यह तेजी टिक नहीं सकी। थोड़ी देर बाद ही मेटल, बैंकिंग और कैपिटल गुड्स सेक्टर के शेयरों में तेज बिकवाली शुरू हो गई। इस दबाव के कारण सेंसेक्स ऊपरी स्तर से 1,400 अंक से अधिक लुढ़क कर 83,210.08 अंक के निचले स्तर तक फिसल गया। बाजार में लगातार जारी खरीद-बिक्री के बीच पहले एक घंटे का कारोबार होने के बाद सुबह 10:15 बजे सेंसेक्स 526.35 अंक यानी 0.63 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 83,393.36 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।
सेंसेक्स की ही तरह नेशनल स्टॉक एक्सचेंज के निफ्टी 50 ने भी आज 128.55 अंक यानी 0.50 प्रतिशत की मजबूती के साथ 25,929.15 अंक के स्तर से अपने कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलने के तुरंत बाद लिवाली के सपोर्ट से यह सूचकांक उछल कर 25,992.60 अंक के स्तर तक पहुंचा। इसके बाद मुनाफा वसूली शुरू हो जाने के कारण इसकी चाल में गिरावट आ गई। खासकर, बैंकिंग और मेटल शेयरों में हुई भारी बिकवाली के चलते यह सूचकांक ऊपरी स्तर से 425 अंक से ज्यादा फिसल कर लाल निशान में 25,567.30 अंक के स्तर तक चला गया। हालांकि, निचले स्तर पर आईटी और कंज्यूमर ड्यूरेबल्स शेयरों से मिल रहे सपोर्ट के कारण निफ्टी 50 सूचकांक की गिरावट पर कुछ अंकुश भी लगा है। बाजार में लगातार जारी लिवाली और बिकवाली के बीच शुरुआती एक घंटे का कारोबार होने के बाद सुबह 10:15 बजे निफ्टी 50 सूचकांक 191.55 अंक यानी 0.74 प्रतिशत की गिरावट के साथ 25,609.05 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।
सेक्टोरल फ्रंट पर आज आईटी, टेक, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स, एफएमसीजी और हेल्थकेयर सेक्टर के शेयरों में मजबूती का रुख बना हुआ है, जिससे बाजार को निचले स्तर पर कुछ सहारा मिल रहा है। दूसरी ओर, मेटल, बैंकिंग, पब्लिक सेक्टर एंटरप्राइजेज, ऑयल एंड गैस और कैपिटल गुड्स सेक्टर के शेयरों में भारी बिकवाली का दबाव हावी है, जिसके चलते इन सेक्टर्स के इंडेक्स लाल निशान में कारोबार करते हुए नजर आ रहे हैं।
अभी तक के कारोबार में स्टॉक मार्केट में 2,917 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हो रही थी। इनमें से 1,150 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में कारोबार कर रहे थे, जबकि 1,767 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 12 शेयर लिवाली के सपोर्ट से हरे निशान में बने हुए थे। दूसरी ओर 18 शेयर बिकवाली के दबाव में लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 21 शेयर हरे निशान में और 29 शेयर लाल निशान में कारोबार करते नजर आ रहे थे।
आज सुबह के शुरुआती कारोबारी सत्र में नेशनल स्टॉक एक्सचेंज पर दिग्गज कंपनियों में से टॉप गेनर्स की सूची में टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) 3.40 प्रतिशत की बढ़त के साथ 2,457 रुपये के भाव पर सबसे आगे बना हुआ था। इसके अलावा टेक महिंद्रा 2.65 प्रतिशत उछल कर 1,792.40 रुपये, श्रीराम फाइनेंस 2.07 प्रतिशत की तेजी के साथ 992.10 रुपये, एचसीएल टेक्नोलॉजीज 1.25 प्रतिशत की मजबूती के साथ 1,361.20 रुपये और मारुति सुजुकी 1.21 प्रतिशत की बढ़त के साथ 14,181 रुपये के स्तर पर हरे निशान में कारोबार कर रहे थे।
दूसरी ओर, बाजार में बिकवाली के दबाव में फंसे टॉप लूजर्स में टाटा स्टील 5.76 प्रतिशत की भारी कमजोरी के साथ 167.75 रुपये के भाव पर सबसे आगे चल रहा था। इसके साथ ही हिंडाल्को 2.60 प्रतिशत टूट कर 905.35 रुपये, एक्सिस बैंक 2.32 प्रतिशत की गिरावट दिखाते हुए 1,412.50 रुपये, अल्ट्राटेक सीमेंट 1.59 प्रतिशत की मंदी के साथ 12,733 रुपये और एचडीएफसी बैंक 1.48 प्रतिशत की सुस्ती के साथ 833.50 रुपये के स्तर पर लाल निशान में बने हुए थे।
इसके पहले पिछले सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन शुक्रवार को सेंसेक्स 897.96 अंक यानी 1.08 प्रतिशत की मजबूती के साथ 83,919.71 अंक के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी ने 286.30 अंक यानी 1.12 प्रतिशत की उछाल के साथ 25,800.60 अंक के स्तर पर शुक्रवार के कारोबार का अंत किया था।
