November 23, 2026

Blog

Spread the love

केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव ने सोमवार को नई दिल्ली में राष्ट्रीय वन्यजीव बोर्ड की स्थायी समिति (एससी-एनबीडब्ल्यूएल) की 92वीं बैठक की अध्यक्षता की। बैठक का मुख्य विषय समुद्री वन्यजीव संरक्षण रहा। इस दौरान समुद्री जैव विविधता से जुड़ी कई रिपोर्ट और प्रकाशन जारी किए गए। साथ ही, देशभर के 133 विकास प्रस्तावों पर भी विचार किया गया।

वन्यजीव सप्ताह 2026 की गतिविधियों और पुरस्कारों पर चर्चा

बैठक में वन्यजीव सप्ताह 2026 की रिपोर्ट पर विचार किया गया। इस वर्ष वन्यजीव सप्ताह ‘आवासों को जोड़ना, वन्यजीवों को समृद्ध बनाना’ (Connecting Habitats, Thriving Wildlife) थीम के तहत मनाया गया था।

केंद्रीय मंत्री ने इस दौरान की गई प्रमुख पहलों का उल्लेख किया। इनमें बक्सा में बाघों का पुनर्वास, राजस्थान में ग्रेट इंडियन बस्टर्ड को जंगल में छोड़ना और प्रोजेक्ट चीता का तीसरे स्थल तक विस्तार शामिल है। उन्होंने कहा कि ये पहल जमीन पर विज्ञान आधारित वन्यजीव संरक्षण के ठोस प्रयासों को दर्शाती हैं।

भूपेंद्र यादव ने वन्यजीव सप्ताह के दौरान चुने गए पुरस्कार विजेताओं को बधाई दी और वन्यजीव संरक्षण में अग्रिम पंक्ति के कर्मचारियों तथा स्थानीय समुदायों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने उत्कृष्ट योगदान के लिए निम्नलिखित कर्मचारियों और संगठनों को सम्मानित किया:

• सुरक्षा और अवैध शिकार रोकथाम: दिवंगत बनोथ नवीन (तेलंगाना), हुकाई एच. झिमो (नागालैंड) और वी. कुमारसन (तमिलनाडु)।

• वन्यजीव निगरानी और विशेष कौशल: उमेश भारत कलसारपे (महाराष्ट्र), अश्विनसिंह किरीतसिंह जडेजा (गुजरात) और बहराइच मानव-वन्यजीव संघर्ष प्रबंधन समूह (उत्तर प्रदेश)।

• सामुदायिक संरक्षण पुरस्कार:व्हेल शार्क संरक्षण के लिए श्री महावीर मच्छीमार सहकारी मंडली लिमिटेड, मंगरोल (गुजरात) और पोन्नुरुवी इको-टूरिज्म प्रबंधन समिति, सिरुमलाई हिल्स (तमिलनाडु)।

इसके अलावा, असम के नामेरी टाइगर रिजर्व को कंजर्वेशन एश्योर्ड | टाइगर स्टैंडर्ड्स (CA|TS) के तहत मान्यता दी गई।

समुद्री वन्यजीव संरक्षण पर वैज्ञानिक प्रस्तुतियां

बैठक में भारतीय वन्यजीव संस्थान (डब्ल्यूआईआई) के वैज्ञानिकों ने समुद्री और स्थलीय वन्यजीव संरक्षण से जुड़े विभिन्न विषयों पर प्रस्तुतियां दीं। इनमें तटीय और समुद्री संरक्षित क्षेत्रों का प्रबंधन प्रभावशीलता मूल्यांकन, पूरे देश में समुद्री कछुओं का आकलन एवं निगरानी, भारत में डुगोंग और उनके आवासों के संरक्षण की उपलब्धियां (2016–2026) तथा वन्यजीवों पर रैखिक बुनियादी ढांचे के प्रभावों को कम करने के उपाय शामिल थे।

इन प्रस्तुतियों में समुद्री संरक्षित क्षेत्रों के प्रबंधन, समुद्री कछुओं और डुगोंग के संरक्षण की स्थिति तथा उपलब्धियों को रेखांकित किया गया। वहीं, सड़कों और अन्य रैखिक बुनियादी ढांचा परियोजनाओं के वन्यजीवों पर पड़ने वाले प्रभावों को कम करने के लिए बुनियादी ढांचा योजनाकारों, निर्माणकर्ताओं, पर्यावरण सलाहकारों, वन्यजीव प्रबंधकों, नियामकों और नीति निर्माताओं सहित विभिन्न हितधारकों की भागीदारी मजबूत करने पर जोर दिया गया।

समुद्री जैव विविधता पर पांच प्रमुख प्रकाशन जारी

बैठक में मंत्रालय की समुद्री जैव विविधता संरक्षण पहलों को सामने लाने वाले कई दस्तावेज जारी किए गए।

• तटीय और समुद्री संरक्षित क्षेत्रों का प्रबंधन प्रभावशीलता मूल्यांकन: इसमें 2024–26 के दौरान 108 तटीय और समुद्री संरक्षित क्षेत्रों के आकलन के निष्कर्ष शामिल हैं। रिपोर्ट में प्रबंधन की स्थिति, बेहतर कार्यप्रणालियों और संरक्षण को मजबूत करने के प्राथमिकता वाले क्षेत्रों की जानकारी दी गई है।

• समुद्री कछुओं का अखिल भारतीय आकलन और निगरानी: डब्ल्यूआईआई ने मंत्रालय की वन्यजीव आवास विकास योजना के तहत यह अध्ययन किया। इसमें 2022 से 2025 तक के तीन प्रजनन मौसमों, करीब 1,300 किलोमीटर तटरेखा और 360 समुद्र तटों का आकलन किया गया। रिपोर्ट में समुद्री कछुओं की चार प्रजातियों के घोंसला बनाने की स्थिति की जानकारी दी गई है।

• भारत में डुगोंग और उनके आवासों के संरक्षण की उपलब्धियां (2016–2026): यह दस्तावेज डुगोंग संरक्षण के लिए एक दशक के प्रयासों को दर्ज करता है। इसमें तमिलनाडु में ड्रोन के माध्यम से डुगोंग की पहली आबादी का अनुमान (270 ± 16), समुद्री घास के आवासों की पहचान और पाक खाड़ी में भारत के पहले डुगोंग संरक्षण रिजर्व को अधिसूचित किए जाने का उल्लेख है।

• भारत में अरब सागर की हम्पबैक व्हेल की स्थिति: डब्ल्यूआईआई के 2022–25 के आकलन पर आधारित इस रिपोर्ट में व्हेल के दिखने वाले सात संभावित प्रमुख क्षेत्रों की पहचान की गई है। इसमें मछली पकड़ने के जाल में फंसने जैसे खतरों को भी रेखांकित किया गया है।

• समुद्री कछुओं से जुड़े ज्ञान दस्तावेज: समुद्री कछुआ कार्ययोजना (2021–2026) के तहत तैयार तीन प्रकाशन—समुद्री कछुओं की मार्किंग का तकनीकी प्रोटोकॉल, भारतीय जलक्षेत्र में समुद्री कछुओं की ट्रैकिंग और भारत के समुद्री कछुए—जारी किए गए। ये दस्तावेज निगरानी, शोध और संरक्षण के लिए वैज्ञानिक मार्गदर्शन उपलब्ध कराते हैं।

छोटी जंगली बिल्लियों के संरक्षण के लिए फील्ड मैनुअल

मंत्री ने छोटी जंगली बिल्लियों के संरक्षण से जुड़ा ‘फील्ड मैनुअल ऑन स्मॉल कैट्स’ भी जारी किया। इसमें भारत में पाई जाने वाली छोटी जंगली बिल्लियों की नौ प्रजातियों की जानकारी के साथ उनकी पहचान, क्षेत्रीय सर्वेक्षण और निगरानी के व्यावहारिक तरीके बताए गए हैं।

यह मैनुअल भारत सरकार-वैश्विक पर्यावरण सुविधा (जीईएफ) की स्मॉल कैट्स कंजर्वेशन परियोजना के तहत तैयार किया गया है। इसे पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय ने अरुणाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश और राजस्थान सरकारों के सहयोग से लागू किया है। संयुक्त राष्ट्र विकास कार्यक्रम (यूएनडीपी) और ग्लोबल टाइगर फोरम ने भी इसमें सहयोग दिया है।

133 विकास प्रस्तावों पर विचार

बैठक में वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम, 1972 के प्रावधानों के तहत वन्यजीव मंजूरी की जरूरत वाले देशभर के 133 प्रस्तावों पर भी विचार किया गया। इनमें सड़क, रक्षा बुनियादी ढांचे, पेयजल आपूर्ति और अन्य आवश्यक विकास कार्यों से जुड़े प्रस्ताव शामिल थे।

इन प्रस्तावों का मूल्यांकन उनके पारिस्थितिक प्रभाव, जनकल्याण और राष्ट्रीय विकास के लिए महत्व तथा वन्यजीवों और उनके आवासों के संरक्षण के लिए प्रस्तावित शमन उपायों की पर्याप्तता के आधार पर किया गया। साथ ही, हरित विकास के लक्ष्यों को ध्यान में रखने पर भी जोर दिया गया।